

स्थान : हरिद्वार/उत्तराखंड
संवाददाता – धर्म राज


हरिद्वार। मनसा देवी की शिवालिक पहाड़ियों में भूस्खलन का खतरा लगातार बढ़ता जा रहा है। विशेषज्ञों के अनुसार, शिवालिक पर्वत का एक बड़ा हिस्सा कभी भी टूटकर नीचे गिर सकता है। बीते एक महीने में कई बार काली माता मंदिर के पीछे स्थित रेलवे ट्रैक पर मलबा गिर चुका है, जिससे रेलवे यातायात और यात्रियों की सुरक्षा पर भी संकट मंडरा रहा है।



स्थानीय लोग और श्रद्धालु इस खतरे से दहशत में हैं और प्रशासन से ठोस और स्थायी समाधान की मांग कर रहे हैं। सोशल मीडिया और प्रत्यक्षदर्शियों के वीडियो व तस्वीरों के माध्यम से मामले ने तूल पकड़ा, जिसके बाद राज्य आपदा प्रबंधन विभाग, रेलवे, और राजाजी टाइगर रिजर्व प्रशासन को तुरंत अलर्ट किया गया।



प्रशासन की ओर से संबंधित विभागों ने मौके पर टीमें भेज दी हैं और क्षेत्र को स्लाइडिंग जोन घोषित कर सतर्कता बरती जा रही है। आसपास के इलाकों में मुनादी कर लोगों को सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर जाने के निर्देश दिए जा रहे हैं। विशेषज्ञों की निगरानी टीम स्थिति पर नजर बनाए हुए है ताकि किसी भी बड़े हादसे को टाला जा सके।


प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि सभी जरूरी एहतियाती कदम उठाए जा रहे हैं और किसी भी स्थिति से निपटने के लिए पूरी तैयारी है।


