बाजपुर में शहीद उधम सिंह काम्बोज की स्मारक को डंपर ने मारी टक्कर, कम्बोज समाज में आक्रोश

बाजपुर में शहीद उधम सिंह काम्बोज की स्मारक को डंपर ने मारी टक्कर, कम्बोज समाज में आक्रोश

स्थान – बाजपुर उधम सिंह नगर

रिपोर्टर – भूपेंद्र सिंह पन्नू

बाजपुर के दोराहा मार्ग स्थित शहीद उधम सिंह काम्बोज की प्रतिमा को लगे स्मारक की चारदीवारी को देर रात एक अनियंत्रित डंपर ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में स्मारक की चारों ओर की दीवारें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। इस घटना की जानकारी मिलते ही कम्बोज समाज में आक्रोश फैल गया।

जैसे ही खबर फैली, कम्बोज वेल्फेयर सोसाइटी के जिलाध्यक्ष परमजीत सिंह हांडा के नेतृत्व में समाज के अनेक लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस प्रशासन पर लापरवाही के आरोप लगाए। हांडा ने बताया कि पुलिस ने डंपर को तो कब्जे में ले लिया लेकिन चालक को मौके से फरार करवा दिया, जो बेहद गंभीर लापरवाही है।

घटना स्थल पर लोगों की भीड़ एकत्र हो गई और समाज के लोगों ने नाराजगी जताते हुए प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की। मौके पर पहुंची पुलिस को भीड़ को शांत कराने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। अंततः प्रशासन ने आरोपी चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का भरोसा देकर लोगों को शांत किया।

परमजीत सिंह हांडा ने कहा कि शहीदों का अपमान किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा, और यदि प्रशासन ने जल्द कार्रवाई नहीं की तो समाज आंदोलन को बाध्य होगा।

पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और स्मारक की मरम्मत के लिए भी स्थानीय प्रशासन को सूचना दे दी गई है।