खटीमा: विशेष प्रवर्तन अभियान में 310 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद, दो भट्टियां और 5000 किलो लहन नष्ट

खटीमा: विशेष प्रवर्तन अभियान में 310 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद, दो भट्टियां और 5000 किलो लहन नष्ट

स्थान – खटीमा /ऊधम सिंह नगर

रिपोर्ट – अशोक सरकार

उधम सिंह नगर के खटीमा क्षेत्र में अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष प्रवर्तन अभियान के तहत आबकारी विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। यह अभियान आबकारी आयुक्त, देहरादून, तथा संयुक्त आबकारी आयुक्त, कुमाऊं परिक्षेत्र, हल्द्वानी के आदेशानुसार एवं जिला आबकारी अधिकारी एन. आर. जोशी के निर्देशों के साथ सहायक आबकारी आयुक्त प्रतिमन सिंह कन्याल के नेतृत्व में संचालित किया गया।

इस अभियान के तहत आबकारी अपराध निरोधक क्षेत्र-2 खटीमा टीम द्वारा रघूलिया गांव में अवैध शराब की बिक्री एवं भंडारण स्थलों पर दबिश दी गई। दबिश के दौरान एक आरोपी मौके से फरार होने में सफल रहा, लेकिन उसकी मोटरसाइकिल पर रखे रबर ट्यूब में करीब 40 लीटर कच्ची शराब बरामद की गई, जिसे मौके पर ही सीज कर दिया गया।

एक अन्य कार्यवाही में 40 पाउचों में लगभग 20 लीटर कच्ची शराब बरामद की गई, जिसके आधार पर आरोपी के खिलाफ धारा 60, आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया।

इसके अतिरिक्त, बनगवां जंगल में अवैध रूप से संचालित दो शराब भट्टियों को मौके पर नष्ट कर दिया गया और लगभग 5000 किलोग्राम लहन को भी नष्ट किया गया।

सहायक आबकारी आयुक्त प्रतिमन सिंह कन्याल ने बताया कि इस व्यापक अभियान के दौरान कुल लगभग 310 लीटर कच्ची शराब बरामद की गई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि अवैध मदिरा निर्माण व बिक्री के अड्डों के समूल विनिष्टीकरण तक यह अभियान लगातार जारी रहेगा।

अभियान में शामिल टीम:

  • सहायक आबकारी आयुक्त प्रतिमन सिंह कन्याल
  • आबकारी निरीक्षक लालू राम
  • उप आबकारी निरीक्षक जगदीश कुमार
  • आबकारी सिपाही नितेश भारद्वाज, दीपक चंद्र, पंकज जोशी आदि

आबकारी विभाग ने जनता से अपील की है कि यदि किसी को भी अवैध शराब से जुड़ी गतिविधियों की जानकारी हो, तो विभाग को तुरंत सूचित करें।