कुनाओं गांव के जंगल में युवक-युवती मिलने पर हंगामा, लव जिहाद का आरोप

कुनाओं गांव के जंगल में युवक-युवती मिलने पर हंगामा, लव जिहाद का आरोप

स्थान : ऋषिकेश

मंगलवार सुबह कुनाओं गांव के जंगल में एक युवक और युवती के मिलने को लेकर लव जिहाद का मामला तूल पकड़ गया। घटना के बाद क्षेत्र में तनावपूर्ण माहौल बन गया, जब स्थानीय बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने युवक को पकड़कर कोतवाली ले गए और वहां जमकर हंगामा किया।

जानकारी के अनुसार, शिवाजी नगर निवासी युवती की पहचान एक मुस्लिम युवक से थी, जो एयर कंडीशनर रिपेयरिंग का काम करता है। आरोप है कि युवक युवती को मोटरसाइकिल पर बैठाकर कुनाओं के जंगल में ले गया और वहां दबाव बनाने की कोशिश की। इसी दौरान बजरंग दल के कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे और युवक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।

थाने में पूछताछ के दौरान युवती ने मीडिया के सामने बयान दिया कि युवक पिछले दो वर्षों से उस पर दबाव बना रहा था। मामला सामने आते ही बजरंग दल के कार्यकर्ता थाने में एकत्र हो गए और आरोपी युवक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग को लेकर नारेबाजी की।

बजरंग दल अध्यक्ष नरेश उनियाल ने आरोप लगाया कि,

बाहरी राज्यों से आए युवक तीर्थनगरी की युवतियों को बहला-फुसलाकर अपने जाल में फंसाते हैं। यदि इस मामले में सख्त कार्रवाई नहीं हुई तो संगठन सड़कों पर उतरकर आंदोलन करेगा।

पुलिस ने दोनों पक्षों के बयान दर्ज कर लिए हैं और मामले की गंभीरता से जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि,

मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है। जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसी के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल पुलिस ने स्थिति पर नियंत्रण बनाए रखा है, लेकिन इलाके में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है ताकि किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति न उत्पन्न हो।