

स्थान : हल्द्वानी


आज देश के यशस्वी प्रधानमंत्री माननीय श्री नरेंद्र मोदी जी के जन्मदिवस के अवसर पर नगर निगम हल्द्वानी द्वारा स्वच्छता पखवाड़े की शुरुआत की गई। शासन से प्राप्त निर्देशों के क्रम में इस अभियान का शुभारंभ महापौर महोदय की अध्यक्षता में किया गया, जहां नगर निगम की समस्त टीम एवं सभी पार्षदगणों की उपस्थिति रही।


स्वच्छता पखवाड़े के शुभारंभ के अवसर पर स्वच्छता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। यह रथ शहर के विभिन्न चौराहों व सार्वजनिक स्थलों पर जाकर नागरिकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करेगा।


इस रथ के माध्यम से नागरिकों को यह संदेश दिया जा रहा है कि शहर को स्वच्छ रखना केवल सरकारी जिम्मेदारी नहीं, बल्कि हर नागरिक का नैतिक कर्तव्य है। इसके साथ ही यह रथ लोगों को पर्यावरण संतुलन बनाए रखने और धरती को सुरक्षित रखने के लिए प्रेरित करेगा।


विशेष बात यह है कि स्वच्छता रथ के दौरान लोगों से स्वच्छता एवं पर्यावरण से जुड़े प्रश्न पूछे जाएंगे और सही उत्तर देने वालों को पुरस्कार भी दिया जाएगा, जिससे आम जनता की भागीदारी को बढ़ावा मिलेगा।

नगर निगम हल्द्वानी द्वारा यह अभियान 2 अक्टूबर तक चलाया जाएगा। इस अवधि में विभिन्न स्थानों पर साफ-सफाई, कूड़ा प्रबंधन, प्लास्टिक मुक्त अभियान, और जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

महापौर महोदय ने इस अवसर पर कहा,

“प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी द्वारा शुरू किए गए स्वच्छ भारत मिशन को जन-जन तक पहुंचाने का यह प्रयास है। हम सभी को मिलकर हल्द्वानी को स्वच्छ, सुंदर और हराभरा बनाना है।”

नगर निगम ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे इन अभियानों में सक्रिय भागीदारी निभाएं और स्वच्छता को नियमित दिनचर्या का हिस्सा बनाएं।


