

रिपोर्ट – भूपेंद्र सिंह पन्नू
जसपुर, 17 सितंबर

उत्तराखंड के जसपुर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम अमियावाला में मंगलवार को उस समय सनसनी फैल गई जब गन्ने के खेत में एक 12 वर्षीय बच्ची का शव बरामद हुआ। शव पर चाकू के निशान पाए जाने के बाद आशंका जताई जा रही है कि मासूम की निर्मम हत्या की गई है। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल है और ग्रामीणों में जबरदस्त आक्रोश देखा गया।



मामले की जानकारी मिलते ही गांव में सैकड़ों ग्रामीण जुट गए और फिर आक्रोशित भीड़ ने शव को सरकारी अस्पताल जसपुर लाकर वहां प्रदर्शन किया। इसके बाद सुभाष चौक पर जाम लगाते हुए ग्रामीणों ने पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की।



प्रदर्शनकारी हत्या के आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी और सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। उनका कहना है कि जब तक दोषी पकड़े नहीं जाते, वे आंदोलन जारी रखेंगे।

मृतका के ताऊ ने बताया कि बच्ची की लाश गन्ने के खेत से बरामद की गई है और उसके चेहरे व शरीर पर कई जगह चाकू के गहरे घाव हैं, जिससे स्पष्ट होता है कि हत्या अत्यंत क्रूरता से की गई है।



घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। अधिकारियों ने लोगों को आश्वासन दिया कि हत्यारों को जल्द ही गिरफ्तार कर कड़ी सजा दिलाई जाएगी।
फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।




