

क्लिनिक प्लस और सनसिल्क ब्रांड के नाम पर हो रहा था फर्जीवाड़ा, भारी मात्रा में माल जब्त

संवाददाता – धर्मराज

हरिद्वार, 15 सितंबर 2025
सिडकुल थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज फर्जीवाड़े का खुलासा हुआ है, जहां पुलिस ने डैन्सो चौक के पास एक नकली शैंपू बनाने वाली फैक्ट्री पर छापा मारकर बड़ा जखीरा बरामद किया है। इस छापेमारी में पुलिस ने क्लिनिक प्लस और सनसिल्क जैसे नामी ब्रांड्स के नकली शैंपू की हजारों बोतलें जब्त की हैं और तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।




क्या-क्या मिला मौके से:
- 1134 पीस क्लिनिक प्लस (80 एमएल)
- 240 पीस क्लिनिक प्लस (355 एमएल)
- 540 पीस सनसिल्क शैंपू
- शैंपू पैकिंग मशीन
- भारी मात्रा में कच्चा माल (रसायन, बोतलें, लेबल आदि)
कैसे हुआ खुलासा:
पुलिस को लंबे समय से सिडकुल क्षेत्र में नकली उत्पाद बनाने की शिकायतें मिल रही थीं। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने डैन्सो चौक के पास एक फैक्टरी पर छापेमारी की कार्रवाई की, जिसमें यह फर्जीवाड़ा सामने आया।



पुलिस की कार्रवाई:
तीनों आरोपियों को मौके से रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया गया है। प्राथमिक पूछताछ में उन्होंने बताया कि नकली शैंपू को स्थानीय बाजारों और ग्रामीण क्षेत्रों में सस्ते दामों पर बेचने की योजना थी, जिससे आम लोगों को गुमराह कर मुनाफा कमाया जा सके।


आगे की जांच:
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह सिर्फ एक कड़ी है, पूरा नेटवर्क फैला हो सकता है। आरोपियों से पूछताछ जारी है और उम्मीद है कि जल्द ही और भी ठिकानों का खुलासा होगा।

जनता के लिए चेतावनी:
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सस्ते और बिना बिल के उत्पाद खरीदते समय सतर्क रहें, और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।




