मंत्री गणेश जोशी ने विकास कार्यों की समीक्षा बैठक में दिए कड़े निर्देश

मंत्री गणेश जोशी ने विकास कार्यों की समीक्षा बैठक में दिए कड़े निर्देश

स्थान – रुद्रपुर, उधम सिंह नगर

कहा- लापरवाही बर्दाश्त नहीं, सभी कार्य समय पर और गुणवत्ता के साथ हों पूरे


कृषि एवं कृषक कल्याण, सैनिक कल्याण तथा ग्राम्य विकास विभाग के मंत्री गणेश जोशी ने गुरुवार को रुद्रपुर स्थित एपीजे सभागार में जनपद के विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में मंत्री ने सभी विभागों के कार्यों की प्रगति की विस्तार से जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

लोक निर्माण विभाग को दिए निर्देश
मंत्री जोशी ने लोक निर्माण विभाग की समीक्षा करते हुए अधिशासी अभियंता को निर्देशित किया कि काशीपुर आरओबी से संबंधित सभी कार्यों को अन्य विभागों के साथ समन्वय बनाकर शीघ्र पूर्ण किया जाए। उन्होंने कहा कि महाराणा प्रताप चौक, काशीपुर से रामनगर मार्ग सहित अन्य अत्यधिक क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत मानसून के तुरंत बाद शुरू की जाए।

उन्होंने मुख्य विकास अधिकारी को निर्देशित किया कि एनएच और लोनिवि के अंतर्गत चल रहे कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए ताकि लापरवाही की कोई गुंजाइश न रहे।

बिजली विभाग को स्कूलों के पास लटकते तारों पर कार्रवाई के निर्देश
विद्युत विभाग की समीक्षा में मंत्री ने अधिशासी अभियंता से कहा कि सार्वजनिक स्थानों, विशेष रूप से विद्यालयों के पास लटकती या झूलती तारों को तुरंत ठीक किया जाए, ताकि किसी भी प्रकार की दुर्घटना से बचा जा सके।

विकास प्राधिकरण और जल जीवन मिशन पर विशेष जोर
विकास प्राधिकरण के प्रस्तावों पर मंत्री ने जनप्रतिनिधियों से विचार-विमर्श कर आगे बढ़ाने के निर्देश दिए।
उन्होंने भारत सरकार की महत्वाकांक्षी जल जीवन मिशन योजना की भी समीक्षा की और अधीक्षण अभियंता, पेयजल निगम को निर्देशित किया कि पाइपलाइन बिछाने से जुड़ी समस्याओं का समाधान तत्परता से किया जाए। उन्होंने ठेकेदारों को चेताते हुए कहा कि कार्यों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

अनुपस्थित अधिकारी पर कार्रवाई
बैठक में जिला पूर्ति अधिकारी विनोद चंद तिवारी के अनुपस्थित रहने पर मंत्री जोशी ने नाराजगी जताई और मुख्य विकास अधिकारी को उनके एक दिन का वेतन काटने के निर्देश दिए।

मनरेगा और ग्राम सड़क योजना की समीक्षा
मनरेगा के अंतर्गत मजदूरी भुगतान में देरी की शिकायतों पर मंत्री ने सीडीओ को निर्देश दिए कि सभी भुगतान समयानुसार कराना सुनिश्चित किया जाए। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना की समीक्षा करते हुए उन्होंने निर्देशित किया कि वर्षा ऋतु में क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत कार्य मानसून समाप्त होते ही तत्काल शुरू किए जाएं और इन कार्यों की वीडियोग्राफी कराकर निगरानी की जाए।

अन्य विभागों की भी समीक्षा
बैठक के अंत में मंत्री जोशी ने उद्यान विभाग, अमृत सरोवर, जल संस्थान सहित अन्य विभागों की भी समीक्षा की और सभी अधिकारियों को विकास कार्यों में गति लाने के निर्देश दिए।