आपदा से क्षतिग्रस्त पंचेश्वर–रामेश्वर धाम पैदल मार्ग, हादसे का खतरा

आपदा से क्षतिग्रस्त पंचेश्वर–रामेश्वर धाम पैदल मार्ग, हादसे का खतरा

स्थान:चंपावत
रिपोर्ट:लक्ष्मण बिष्ट

आपदा से टूटा पंचेश्वर–रामेश्वर धाम मार्ग, श्रद्धालु जोखिम में

चंपावत और पिथौरागढ़ जिलों के प्रमुख धार्मिक आस्था स्थलों पंचेश्वर और रामेश्वर धाम को जोड़ने वाला पैदल मार्ग हाल की आपदा में पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है। मार्ग टूटने के कारण श्रद्धालु जान हथेली पर रखकर किसी तरह धामों तक पहुंच रहे हैं। यह स्थिति न केवल कठिनाई पैदा कर रही है बल्कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा भी बन गई है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि दोनों ही धाम पिथौरागढ़ जिले में स्थित हैं, लेकिन अब तक जिला प्रशासन की ओर से मार्ग निर्माण के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। श्रद्धालुओं का आरोप है कि प्रशासनिक लापरवाही के चलते हर दिन बड़ा हादसा होने की आशंका बनी हुई है।

क्षेत्र के सामाजिक कार्यकर्ता और राज्य आंदोलनकारी ओंकार धोनी ने बताया कि टूटे हुए पैदल मार्ग से गुजरते समय लोग बार-बार फिसलने और सरयू नदी में गिरने के खतरे से जूझ रहे हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो स्थिति भयावह हो सकती है।

धोनी ने यह भी कहा कि आने वाले नवरात्र पर्व पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु पंचेश्वर और रामेश्वर धाम में दर्शन और स्नान के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में क्षतिग्रस्त मार्ग के चलते कई श्रद्धालु धाम तक नहीं पहुंच पाएंगे, जबकि जो पहुंचेंगे, वे भी जान जोखिम में डालकर पहुंचेंगे।

उन्होंने जिला प्रशासन से आग्रह किया है कि दोनों धामों को जोड़ने वाले पैदल मार्ग का तत्काल पुनर्निर्माण किया जाए, ताकि श्रद्धालुओं की आवाजाही सुचारु हो सके और किसी अप्रिय घटना से बचा जा सके।