

रिपोर्ट, संजय कुंवर
बद्रीनाथ धाम,(चमोली)। भू बैकुंठ नगरी श्री बद्रीनाथ धाम में मास्टर प्लान, महा योजना निर्माण और प्राधिकरण की नीतियों को लेकर चल रहे जन आंदोलन को आज 25 दिन पूरे हो गए हैं।



बृहस्पतिवार को सुबह श्री बद्रीश संयुक्त संघर्ष समिति के बैनर तले आंदोलनकारियों की टीम ईरावल प्लाजा के समीप एकत्र हुई। नारेबाजी और बद्रीनाथ धाम की धर्म ध्वजा के साथ एक रैली निकाली गई, जो साकेत चौराहा पर आयोजित धरना स्थल तक पहुँची।



धरना स्थल पर जिला पंचायत सदस्य उर्गम वॉर्ड की रमा राणा ने सभा को संबोधित करते हुए इस जन आंदोलन को अपना समर्थन दिया।


सूत्रों के अनुसार, 12 सदस्यीय श्री बद्रीश संयुक्त संघर्ष समिति की कोर कमेटी का प्रतिनिधि मंडल आज देहरादून रवाना हुआ, जो शुक्रवार को मुख्य सचिव आवास और डीएम चमोली की अगुवाई में बदरी पुरी के हितधारकों के साथ महत्वपूर्ण वार्ता में शामिल होगा। इस बैठक के निर्णय पर ही जन आंदोलन की दिशा टिकी हुई है।



आंदोलनकारियों का कहना है कि यदि निर्णय बदरी पुरी के हितधारकों के पक्ष में नहीं आया, तो आंदोलन को आमरण अनशन में बदलने की रणनीति पर विचार किया जाएगा।



