नई टिहरी में साप्ताहिक सफाई अभियान, डीएम और पालिका अध्यक्ष ने किया नेतृत्व

नई टिहरी में साप्ताहिक सफाई अभियान, डीएम और पालिका अध्यक्ष ने किया नेतृत्व

संवाददाता वाचस्पति रयाल
लोकेशन -नरेंद्रनगर, उत्तराखंड

नई टिहरी। बुधवार को डीएम निकिता खंडेलवाल एवं नगर पालिका परिषद अध्यक्ष मोहन सिंह रावत के संयुक्त नेतृत्व में गणेश चौक, बौराड़ी से लेकर लोक निर्माण विभाग कार्यालय के समीप नाले तक साप्ताहिक सफाई अभियान चलाया गया।

अभियान की गतिविधियां

अभियान के दौरान नाले में फंसी प्लास्टिक पन्नियां, कूड़ा-करकट निकाला गया और झाड़ियों की कटान भी की गई। इस दौरान लगभग दो ट्रक और एक छोटे वाहन में कूड़ा एकत्रित किया गया।

डीएम का संदेश

डीएम ने बताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मार्गदर्शन में 15 अगस्त को आयोजित सफाई अभियान के दौरान निर्णय लिया गया था कि हर बुधवार सुबह 7 से 8 बजे तक यह अभियान चलाया जाएगा और इसमें सभी लोग श्रमदान करेंगे।


उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे इस साप्ताहिक अभियान में सक्रिय रूप से शामिल हों और नई टिहरी को स्वच्छ और सुंदर बनाने में योगदान दें।

नगर पालिका अध्यक्ष का बयान

नगर पालिका अध्यक्ष मोहन सिंह रावत ने कहा कि –
“टिहरी सफाई की दिशा में लगातार आगे बढ़ रही है। जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों और बच्चों के सहयोग से बरसात में नालियों के जाम होने से फैली गंदगी को धीरे-धीरे नियंत्रित किया जा रहा है। हमारा लक्ष्य है कि टिहरी को स्वच्छ शहरों की श्रेणी में शामिल किया जाए।”