खटीमा: सिंचाई विभाग कार्यालय में शॉर्ट सर्किट से लगी आग, फायर ब्रिगेड ने पाया काबू

खटीमा: सिंचाई विभाग कार्यालय में शॉर्ट सर्किट से लगी आग, फायर ब्रिगेड ने पाया काबू

स्थान – खटीमा /उधम सिंह नगर
रिपोर्टर – अशोक सरकार

सीमांत खटीमा से एक बड़ी खबर सामने आई है, जहां सिंचाई विभाग उपखंड तृतीय के कार्यालय में बीती रात अचानक आग लग गई। बताया जा रहा है कि यह आग बिजली के शॉर्ट सर्किट के चलते लगी, जिसकी सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया।

घटना रात करीब 9:30 बजे की है, जब कार्यालय बंद था। आसपास मौजूद अन्य विभागों के कर्मचारियों ने जब कार्यालय से धुंआ निकलते देखा तो तत्काल फायर ब्रिगेड को सूचना दी। टीम ने तत्परता दिखाते हुए मौके पर पहुंचकर आग को और अधिक फैलने से रोका।

हालांकि आग से कुछ दस्तावेज जल गए हैं, जो खुली अलमारी में रखे हुए थे। इस बारे में जानकारी देते हुए सिंचाई विभाग के अपार अभियंता आनंद नेगी ने बताया,
“कोई भी महत्वपूर्ण दस्तावेज नहीं जले हैं। केवल कुछ पुराने शिकायती पत्र, जो खुली अलमारी में रखे थे, वे जल गए हैं। आग के पीछे शॉर्ट सर्किट का संदेह है, लेकिन सटीक कारण अभी स्पष्ट नहीं है।”

घटना से किसी तरह की जनहानि की सूचना नहीं है, लेकिन कार्यालय में दस्तावेजों के जलने को लेकर विभाग ने आंतरिक जांच शुरू कर दी है। बिजली विभाग और तकनीकी विशेषज्ञों की मदद से शॉर्ट सर्किट की वजह की जांच की जाएगी।

इस घटना ने एक बार फिर सरकारी कार्यालयों में फायर सेफ्टी इंतजामों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय प्रशासन और विभागीय अधिकारियों द्वारा पूरे घटनाक्रम की निगरानी की जा रही है।