पिरान कलियर: सालाना उर्स से पहले बड़ी कार्रवाई, 6 लाख की स्मैक के साथ दो तस्कर गिरफ्तार

पिरान कलियर: सालाना उर्स से पहले बड़ी कार्रवाई, 6 लाख की स्मैक के साथ दो तस्कर गिरफ्तार

लोकेशन – रुड़की
संवाद्दाता – प्रिंस शर्मा

पिरान कलियर में सालाना उर्स के आयोजन से पहले सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने और नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कलियर थाना पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस ने दो नशा तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से करीब 6 लाख रुपये कीमत की 129 ग्राम स्मैक बरामद की है।

रुड़की कोतवाली में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान एसएसपी हरिद्वार प्रमेन्द्र सिंह डोबाल ने बताया कि थाना पिरान कलियर पुलिस क्षेत्र में चेकिंग अभियान चला रही थी। इस दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि दो संदिग्ध व्यक्ति कांवर पटरी मार्ग से कलियर की ओर आ रहे हैं। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए दोनों को कुछ दूरी पर ही पकड़ लिया।

तलाशी लेने पर 129 ग्राम स्मैक बरामद की गई, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत छह लाख रुपये बताई जा रही है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान इमरान खान और तस्लीम, निवासी बरेली (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है।

पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ NDPS एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है।

एसएसपी डोबाल ने साफ संदेश देते हुए कहा:
“हरिद्वार जिले में किसी भी प्रकार के नशे के कारोबार को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। नशा तस्करों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।”

साथ ही उन्होंने उर्स में शामिल होने वाले जायरीनों और स्थानीय लोगों से अपील की कि अगर उन्हें नशे से जुड़ी कोई भी सूचना मिले तो तुरंत पुलिस को सूचित करें, ताकि मेले की पवित्रता और जनसुरक्षा बनी रहे।