

स्थान : हल्द्वानी


यातायात नियमों के पालन और सड़क सुरक्षा को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से एसएसपी नैनीताल श्री प्रहलाद नारायण मीणा के निर्देशानुसार आज हल्द्वानी शहर में सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान का पर्यवेक्षण एसपी क्राइम/ट्रैफिक डॉ. जगदीश चंद्र तथा नेतृत्व क्षेत्राधिकारी यातायात श्री नितिन लोहनी द्वारा किया गया।



इस संयुक्त अभियान में यातायात पुलिस हल्द्वानी और सीपीयू हल्द्वानी की टीमों ने मंगल पड़ाव से लेकर नैनीताल रोड हाइडल तिराहा तक वाहनों की सघन जांच की।



चेकिंग के दौरान नो पार्किंग जोन, फुटपाथ और सड़क किनारे अनधिकृत रूप से खड़े 59 वाहनों सहित कुल 141 वाहनों के विरुद्ध चालान की कार्रवाई की गई। इनमें से 82 वाहन चालक अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करते पाए गए।



साथ ही, अभियान के दौरान वाहन चालकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक भी किया गया और उन्हें भविष्य में नियमों का पालन करने की सलाह दी गई।


यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया है कि आगे भी ऐसे अभियान लगातार चलाए जाएंगे ताकि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके और शहर में ट्रैफिक व्यवस्था को और बेहतर बनाया जा सके।



