सुशीला तिवारी अस्पताल में उपनल कर्मचारियों का धरना 23वें दिन भी जारी, थाली-घंटी बजाकर जताया विरोध

सुशीला तिवारी अस्पताल में उपनल कर्मचारियों का धरना 23वें दिन भी जारी, थाली-घंटी बजाकर जताया विरोध

स्थान : हल्द्वानी
रिपोर्ट : ऋषि कपूर

सुशीला तिवारी अस्पताल में तैनात उपनल कर्मचारियों का धरना मंगलवार को 23वें दिन भी जारी रहा। अपनी मांगों को लेकर कर्मचारियों ने आज थाली और घंटी बजाकर अनोखे अंदाज़ में विरोध प्रदर्शन किया।

प्रदर्शनकारियों का कहना है कि जब तक उनकी मांगें नहीं मानी जातीं, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।

धरना स्थल पर पहुंचे वरिष्ठ भाजपा नेता और विधायक बंसीधर भगत ने कर्मचारियों को आश्वासन दिया कि वह इस मुद्दे को गंभीरता से सरकार के समक्ष रखेंगे।

उन्होंने बताया कि कल (बुधवार) को उपनल कर्मचारियों का पांच सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल देहरादून जाकर मुख्यमंत्री से मुलाकात करेगा और अपनी मांगों को विस्तार से रखेगा।

उपनल कर्मचारियों की प्रमुख मांगों में नियमितीकरण, वेतन विसंगति दूर करना और स्थायी नियुक्ति शामिल हैं। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कोई सकारात्मक कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा।