


रिपोर्टर : अरशद हुसैन
स्थान : रुड़की


पिरान कलियर क्षेत्र स्थित रैन बसेरे में जियारत के लिए आई एक महिला की मासूम बच्ची के साथ छेड़छाड़ का सनसनीखेज मामला सामने आया है। बिहार निवासी पीड़िता की मां की तहरीर पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।



एसपी देहात शेखर चंद सुयाल ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि महिला करीब एक सप्ताह पहले अपनी बच्ची के साथ पिरान कलियर दरगाह पर जियारत के लिए आई थी। वह स्थानीय रैन बसेरे में रुक रही थी, जहां रात के समय उसकी बच्ची के साथ छेड़छाड़ की घटना हुई।


महिला ने बताया कि एक व्यक्ति, जो भिखारी के रूप में वहीं रैन बसेरे में ठहरा हुआ था, ने रात को बच्ची के पास पहुंचकर अश्लील हरकत करने की कोशिश की। जैसे ही बच्ची की हरकत से मां-बाप सतर्क हुए, उन्होंने तत्काल शोर मचाया और पुलिस को सूचना दी।


पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर आरोपी को हिरासत में ले लिया और पूछताछ के बाद उसे जेल भेज दिया गया। मामले को लेकर पुलिस ने IPC की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।

पुलिस का सख्त रुख
एसपी देहात ने बताया कि इस घटना को बेहद गंभीरता से लिया गया है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में रैन बसेरों और सार्वजनिक स्थानों पर पुलिस द्वारा सत्यापन अभियान को और तेज किया जाएगा, जिससे इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।


स्थानीय लोगों में रोष
घटना के बाद स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं में आक्रोश है। लोगों का कहना है कि पवित्र स्थलों पर इस तरह की घटनाएं न केवल श्रद्धालुओं की सुरक्षा पर सवाल खड़ा करती हैं, बल्कि धार्मिक आस्थाओं को भी आहत करती हैं। उन्होंने प्रशासन से रैन बसेरों में नियमित निगरानी और सख्ती की मांग की है।



