बहादराबाद टोल प्लाजा पर किसानों का धरना खत्म, सीएम से मुलाकात के बाद मिली राहत

बहादराबाद टोल प्लाजा पर किसानों का धरना खत्म, सीएम से मुलाकात के बाद मिली राहत

रिपोर्टर : शहजाद अली
स्थान : हरिद्वार

बहादराबाद टोल प्लाजा पर किसानों का पांच दिन से जारी धरना सोमवार को समाप्त हो गया। किसान नेताओं के प्रतिनिधिमंडल ने देहरादून पहुंचकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात की, जहां उन्हें किसानों की सभी समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया गया। इसके बाद किसान धरना खत्म करने पर सहमत हो गए।

प्रशासन ने मौके पर जाकर दिया भरोसा
मुख्यमंत्री से मुलाकात के बाद हरिद्वार के जिलाधिकारी (DM) और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) खुद धरना स्थल बहादराबाद पहुंचे। उन्होंने किसानों को आश्वासन दिया कि अब से तहसील स्तर पर किसान दिवस का आयोजन किया जाएगा, ताकि स्थानीय स्तर पर किसानों की समस्याओं का त्वरित समाधान किया जा सके।

डीएम ने स्पष्ट किया कि स्मार्ट मीटर जबरदस्ती नहीं लगाए जाएंगे। इसके लिए पहले लोगों को जागरूक किया जाएगा, और केवल उन्हीं उपभोक्ताओं के मीटर बदले जाएंगे, जो स्वयं इसके लिए तैयार होंगे।

कथित पुलिसिया दबाव पर कार्रवाई
किसानों की एक प्रमुख मांग बहादराबाद थाना प्रभारी इंस्पेक्टर नरेश राठौर के ट्रांसफर की थी। इस पर एसएसपी ने मौके पर पुष्टि करते हुए बताया कि नरेश राठौर का तबादला चमोली कर दिया गया है। किसानों ने इस फैसले का स्वागत किया।

संघर्ष के बाद मिली राहत
धरना खत्म करते हुए किसान नेताओं ने कहा कि वे सरकार और प्रशासन द्वारा दिए गए आश्वासनों पर फिलहाल भरोसा करते हैं, लेकिन यदि भविष्य में वादों को पूरा नहीं किया गया तो आंदोलन फिर से शुरू किया जाएगा।