हल्द्वानी: कूड़े-गंदगी से बेहाल नगर, सात दिन में समाधान न हुआ तो धरना

हल्द्वानी: कूड़े-गंदगी से बेहाल नगर, सात दिन में समाधान न हुआ तो धरना

स्थान : हल्द्वानी

हल्द्वानी। नगर निगम क्षेत्र में कूड़े और गंदगी की समस्या से परेशान जनता और संगठनों का आक्रोश लगातार बढ़ रहा है। सोमवार को महानगर अध्यक्ष फौजी भुवन पहाड़ी हिंदू के नेतृत्व में नगर निगम आयुक्त को एक ज्ञापन सौंपा गया।

संगठन महामंत्री विनोद सिंह शाही ने बताया कि शहर की नालियां कूड़े से अटी पड़ी हैं, जिससे पानी कॉलोनियों में घुस रहा है और स्वच्छता अभियान पूरी तरह चौपट हो चुका है।

महानगर अध्यक्ष फौजी भुवन पांडे ने कहा कि नगर निगम की लापरवाही से पूरे क्षेत्र में गंदगी और जलभराव है। नालियों और सड़कों पर रुके पानी में मच्छर पनप रहे हैं, जिससे डेंगू, चिकनगुनिया और मलेरिया जैसी बीमारियों का खतरा मंडरा रहा है। कई जगह स्ट्रीट लाइटें महीनों से खराब पड़ी हैं, वहीं सड़कों पर गड्ढे और किनारों पर उगी झाड़ियां लोगों की परेशानी बढ़ा रही हैं।

उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सात दिनों के भीतर हल्द्वानी नगर के सभी वार्डों की समस्याओं का समाधान नहीं हुआ, तो नगर निगम कार्यालय के बाहर अनिश्चितकालीन धरना शुरू किया जाएगा।

इस दौरान संगठन मंत्री विनोद शाही, जिला महामंत्री राजेंद्र कांडपाल, हरेंद्र राणा, नारायण सिंह बर्गली, फौजी मदन फरत्याल, विजय भंडारी, गंगा सिंह चिलवाल, कोषाध्यक्ष भगवंत सिंह राणा, गोकुल मेहरा, दीपक गोस्वामी, पवन सिंह ज्याला और इन्दर बिष्ट मौजूद रहे।