

रिपोर्ट – राजू सहगल।
लोकेशन -किच्छा।


उधम सिंह नगर जिले के किच्छा कोतवाली क्षेत्र में 18 अगस्त को हुए आलिम हत्याकांड में शामिल फरार आरोपियों की पुलिस से मुठभेड़ हो गई। गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में दोनों आरोपी साजिद खान और गुलनबाज खान के पैरों में गोली लगने से वे घायल हो गए।



गौरतलब है कि ग्राम दरऊ में चुनावी रंजिश के चलते हुई फायरिंग में 22 वर्षीय आलिम खान की मौत हो गई थी। परिजनों की शिकायत पर दर्ज मुकदमे में पुलिस लगातार आरोपियों की तलाश कर रही थी।



शनिवार देर रात पुलिस को सूचना मिली कि दोनों आरोपी पॉपुलर के खेतों में छिपे हैं। घेराबंदी के दौरान आरोपियों ने पुलिस पर गोली चलाई, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई में दोनों घायल हो गए।



पुलिस ने उनके कब्जे से 315 बोर के दो तमंचे और कई कारतूस बरामद किए हैं। घायल आरोपियों को इलाज के लिए किच्छा के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया।

घटना की जानकारी मिलने पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मणिकांत मिश्रा भी अस्पताल पहुंचे और पुलिस टीम को आवश्यक निर्देश दिए। पुलिस का कहना है कि फरार चल रहे अन्य आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।


