थराली आपदा: मुख्यमंत्री धामी ने किया निरीक्षण, राहत कार्य जारी

थराली आपदा: मुख्यमंत्री धामी ने किया निरीक्षण, राहत कार्य जारी

स्थान : थराली
रिपोर्टर : मोहन गिरी

रविवार को मुख्यमंत्री पुष्कर धामी थराली पहुंचे और आपदा से हुए नुकसान का जायजा लिया। उन्होंने सबसे पहले कुलसारी में स्थापित राहत शिविर का निरीक्षण किया और आपदाप्रभावित लोगों से मुलाकात की। इसके बाद थराली बाजार, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और रामलीला मैदान के पास भूस्खलन प्रभावित क्षेत्र का दौरा किया।

मुख्यमंत्री के भ्रमण के दौरान काफिले को रोकने की घटना पर भाजपा नेताओं ने कांग्रेस पर पलटवार किया। पूर्व भाजयुमो जिलाध्यक्ष देवेंद्र नेगी ने आरोप लगाया कि कांग्रेस आपदा का राजनीतिक लाभ उठा रही है। उन्होंने 2013 की आपदा का उदाहरण देते हुए कहा कि तत्कालीन विधायक क्षेत्र में 36 दिन बाद पहुंचे थे।

थराली विधायक भूपालराम टम्टा ने भी आपदा में हुए नुकसान पर दुख व्यक्त किया और बताया कि सरकार प्रभावित लोगों के साथ खड़ी है। उन्होंने कहा कि घायल व्यक्तियों को हैली से एम्स ऋषिकेश पहुंचाया गया। प्रभावित लोगों को राहत शिविरों में रखा गया और अवरुद्ध मार्गों को खोलने का कार्य युद्धस्तर पर चल रहा है।

इसके अलावा, क्षेत्र में विद्युत और पेयजल आपूर्ति बहाल करने के निर्देश दिए गए हैं। चेपडो में अभी भी लापता पूर्व सैनिक गंगादत्त जोशी की खोज के लिए एनडीआरएफ और एसडीआरएफ सक्रिय हैं।

थराली विधायक ने कांग्रेस पर आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस आपदा में भी राजनीतिक रोटियां सेंकने में लगी है, जबकि सरकार और स्थानीय प्रशासन पूरी तरह प्रभावित लोगों के साथ खड़ी हैं।