हर्षिल घाटी में फिर उफना तेलगाड़ नदी, मचा हड़कंप

हर्षिल घाटी में फिर उफना तेलगाड़ नदी, मचा हड़कंप

स्थान : उत्तरकाशी

उत्तरकाशी ज़िले की हर्षिल घाटी में रविवार शाम को हालात एक बार फिर गंभीर हो गए। भारी बारिश के बाद तेलगाड़ नदी अचानक उफान पर आ गई, जिसके साथ आए मलबे और बोल्डरों ने पूरे क्षेत्र में दहशत फैला दी।

स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने तुरंत कार्रवाई करते हुए हर्षिल बाजार, जीएमवीएन गेस्ट हाउस, पुलिस थाना और नदी किनारे बने सभी भवनों को खाली करा दिया।

स्थानीय निवासियों का कहना है कि तेलगाड़ नदी में लगातार आ रहे विशाल बोल्डर और मलबा भागीरथी नदी का प्रवाह रोक सकते हैं, जिससे झील का जलस्तर खतरनाक रूप से बढ़ने का खतरा मंडरा रहा है।

दोपहर बाद हुई तेज बारिश के चलते नदी का रौद्र रूप गंगोत्री हाईवे तक पहुंच गया। कई बार तेज धारा और मलबा भागीरथी नदी की ओर बढ़ा, जिससे आर्मी कैंप को भी हाई अलर्ट पर रखा गया है।

धराली क्षेत्र में जहां खीरगंगा का मलबा लगातार बह रहा है, वहीं तेलगाड़ नदी से आ रहे बोल्डरों ने हर्षिल घाटी की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं। फिलहाल प्रशासन और सेना की टीमें मौके पर मौजूद रहकर हालात पर पैनी नजर बनाए हुए हैं।