भीकमपुर में आधी रात युवक की पीट-पीटकर हत्या, गांव में दहशत

भीकमपुर में आधी रात युवक की पीट-पीटकर हत्या, गांव में दहशत

लक्सर

लक्सर क्षेत्र के भीकमपुर गांव में आधी रात को हुई सनसनीखेज वारदात ने पूरे गांव को दहला दिया। जानकारी के अनुसार, गांव के ही एक युवक ने 45 वर्षीय राजेश की डंडों से पीट-पीटकर हत्या कर दी।

बताया जा रहा है कि मृतक राजेश और आरोपी युवक के बीच पिछले कुछ दिनों से रंजिश चल रही थी।

बीती आधी रात लगभग 12 बजे आरोपी युवक हाथ में डंडा लेकर राजेश के घर पहुंचा, जहां वह सो रहा था। आरोपी ने अचानक ताबड़तोड़ वार कर राजेश को गंभीर रूप से घायल कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की खबर मिलते ही गांव में दहशत का माहौल फैल गया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

पुलिस ने बताया कि आरोपी की तलाश तेज कर दी गई है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

ग्रामीणों के मुताबिक, राजेश गांव में मिलनसार स्वभाव के व्यक्ति थे, लेकिन पिछले कुछ दिनों से उनका आरोपी से विवाद चल रहा था। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।