
स्थान : खटीमा
रिपोर्टर : अशोक सरकार

लंबे इंतजार के बाद खटीमा क्षेत्र में धान की सरकारी खरीद शुरू हो गई है। इससे किसानों को राहत मिली है। तहसील क्षेत्र में कुल 105 धान क्रय केंद्र स्थापित किए गए हैं, जहां किसानों की उपज की तौल शुरू कर दी गई है। अधिकारियों ने किसानों से नजदीकी क्रय केंद्रों पर धान लेकर पहुंचने की अपील की है।

एसएमओ खटीमा के.सी. आर्य ने बताया कि क्षेत्र में स्थापित सभी धान क्रय केंद्रों पर खरीद प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। किसानों की सुविधा का ध्यान रखा जा रहा है, ताकि उन्हें अपनी उपज बेचने में किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।




उन्होंने किसानों से अपील की कि वे अपना धान लेकर नजदीकी सरकारी क्रय केंद्रों पर पहुंचें और निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार अपनी उपज की तौल कराएं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि किसानों को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होने दी जाएगी।


वहीं, खटीमा के उपजिलाधिकारी तुषार सैनी ने बताया कि किसानों की मांगों को सरकार द्वारा पूरा कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि धान खरीद व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए क्रय केंद्रों का निरीक्षण भी किया गया है, ताकि किसानों को सरकारी खरीद का लाभ मिल सके।


एसडीएम ने उत्तराखंड-उत्तर प्रदेश सीमा पर निगरानी और सख्ती बरतने के निर्देशों की जानकारी देते हुए कहा कि दूसरे राज्य से धान लाकर उत्तराखंड के सरकारी क्रय केंद्रों पर बेचने की कोशिशों को रोका जाएगा।

उन्होंने स्पष्ट किया कि उत्तर प्रदेश से अवैध रूप से धान लाकर उत्तराखंड के क्रय केंद्रों पर बेचने वालों के खिलाफ चालान की कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि सरकारी खरीद व्यवस्था का लाभ पात्र किसानों को मिले।



धान की सरकारी खरीद शुरू होने से क्षेत्र के किसानों को अपनी उपज बेचने का अवसर मिला है। अब किसानों की निगाहें खरीद प्रक्रिया के सुचारु संचालन और समय पर भुगतान पर रहेंगी।

