शिक्षकों की कमी पर भड़के अभिभावक, खून से लिखे पत्र

शिक्षकों की कमी पर भड़के अभिभावक, खून से लिखे पत्र

स्थान : चमोली
ब्यूरो रिपोर्ट

चमोली जिले के कर्णप्रयाग क्षेत्र में शिक्षकों की कमी को लेकर अभिभावकों का आक्रोश बढ़ता जा रहा है। अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज नैनीसैंण में शिक्षकों की तैनाती की मांग को लेकर अभिभावकों ने विद्यालय परिसर में सांकेतिक प्रदर्शन किया। मांग पूरी कराने के लिए अभिभावकों ने प्रधानमंत्री, राष्ट्रपति, केंद्रीय शिक्षा मंत्री और राज्यपाल समेत अन्य लोगों को खून से पत्र लिखकर कार्रवाई की गुहार लगाई है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि जल्द शिक्षकों की तैनाती नहीं हुई, तो आंदोलन तेज किया जाएगा।

अभिभावकों का कहना है कि विद्यालय में रसायन विज्ञान, गणित और अंग्रेजी जैसे महत्वपूर्ण विषयों के शिक्षक नहीं हैं। इसके अलावा गणित के सहायक अध्यापक का पद भी रिक्त है। शिक्षकों की कमी के चलते विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। अभिभावक लंबे समय से इन पदों पर नियुक्ति की मांग कर रहे हैं, लेकिन अब तक समस्या का समाधान नहीं हो पाया है।

शिक्षकों की तैनाती की मांग को लेकर अभिभावक पिछले कई दिनों से आंदोलन कर रहे हैं। इससे पहले 18 सितंबर को खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय पर तालाबंदी की गई थी, जबकि 28 सितंबर को प्रदर्शन किया गया था। इसके बावजूद मांग पूरी नहीं होने पर बड़ी संख्या में महिलाएं और अभिभावक विद्यालय परिसर में एकत्र हुए और सांकेतिक प्रदर्शन कर सरकार तथा शिक्षा विभाग के प्रति नाराजगी जताई।

इस दौरान अभिभावकों ने खून से पत्र लिखकर शासन-प्रशासन तक अपनी आवाज पहुंचाने का प्रयास किया। उनका कहना है कि बच्चों के भविष्य के साथ खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अभिभावकों ने सरकार और शिक्षा विभाग से जल्द रिक्त पदों पर शिक्षकों की तैनाती करने की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई, तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।