

रिपोर्टर पंकज सक्सेना
हल्द्वानी गोलापार

नैनीताल जनपद के गौलापार क्षेत्र में 10 वर्षीय मासूम की दर्दनाक हत्या के मामले में पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। यह हृदयविदारक घटना 4 अगस्त को सामने आई थी, जब वादी खूबकरण मौर्य ने अपने बेटे की गुमशुदगी की रिपोर्ट थाना काठगोदाम में दर्ज कराई थी।



पुलिस की त्वरित और सटीक कार्रवाई
मामले की गंभीरता को देखते हुए SSP प्रह्लाद नारायण मीणा ने तुरंत तीन सर्च टीमों का गठन किया। 5 अगस्त को बालक का शव आरोपी मोहन चंद्र जोशी के बाड़े में प्लास्टिक के कट्टे में दबा हुआ मिला, लेकिन शव का सिर और दाहिना हाथ गायब था।



इसके बाद पुलिस ने सर्च ऑपरेशन को तेज़ करते हुए डॉग स्क्वॉड, ड्रोन कैमरे, एफएसएल टीम और सीसीटीवी फुटेज की मदद से छानबीन शुरू की।

तांत्रिक क्रियाओं की आड़ में गुमराह करने की कोशिश


मामले में आरोपी निखिल जोशी लगातार पुलिस को तांत्रिक क्रियाओं की कहानी सुनाकर गुमराह करता रहा। SSP ने मामले की गहराई को समझते हुए मनोचिकित्सकों की मदद ली और संदिग्ध से गहन पूछताछ की।


आरोपी की स्वीकारोक्ति और बरामदगी
9 अगस्त को पूछताछ के दौरान 38 वर्षीय निखिल जोशी ने कबूल किया कि उसने घिनौनी मंशा से बालक को अपने साथ ले जाकर गला दबाकर हत्या की, फिर उसका सिर और दाहिना हाथ काटकर छुपा दिया। आरोपी की निशानदेही पर गोठ से बच्चे की चप्पल, सिर और हाथ बरामद कर लिए गए।
गिरफ्तारी और पुलिस टीम को इनाम

पुलिस ने निखिल जोशी को गिरफ्तार कर वैधानिक कार्यवाही शुरू कर दी है। इस गंभीर अपराध का सफल खुलासा करने पर IG कुमाऊं द्वारा पुलिस टीम को ₹5000 और SSP नैनीताल द्वारा ₹2500 का इनाम देने की घोषणा की गई है।




