
स्थान : चमोली
रिपोर्टर : विनोद पांडे

साइबर अपराधों पर अंकुश लगाने, आमजन को डिजिटल सुरक्षा के प्रति जागरूक करने और युवाओं को नशे से दूर रखने के उद्देश्य से चमोली पुलिस द्वारा जनपदभर में जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार के निर्देशन में संचालित इस अभियान के तहत विद्यार्थियों, महिलाओं और आमजन को साइबर ठगी के नए तरीकों तथा उनसे बचाव के उपायों की जानकारी दी जा रही है।

अभियान के तहत प्रभारी निरीक्षक कर्णप्रयाग विनोद थपलियाल ने अटल उत्कृष्ट इंटर कॉलेज, सिमली में छात्र-छात्राओं को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक किया। वहीं, चौकी प्रभारी गौचर मानवेन्द्र गुसाईं ने संस्कार स्कूल, गौचर में विद्यार्थियों को ऑनलाइन ठगी और डिजिटल सुरक्षा के संबंध में जानकारी दी।




पुलिस टीमों ने विद्यार्थियों को बताया कि साइबर ठग फर्जी कॉल, संदिग्ध लिंक, ओटीपी साझा करवाने और सोशल मीडिया के माध्यम से लोगों को अपने जाल में फंसाते हैं। उन्होंने अपील की कि किसी अनजान व्यक्ति के साथ बैंकिंग संबंधी जानकारी साझा न करें और बिना जांच-पड़ताल के किसी संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से बचें।


कार्यक्रम के दौरान युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के बारे में भी बताया गया। पुलिस ने विद्यार्थियों से नशे से दूर रहने, सकारात्मक गतिविधियों में भाग लेने और अपने भविष्य के प्रति जिम्मेदार बनने का आह्वान किया।


इसी क्रम में थाना प्रभारी गोपेश्वर नवनीत भंडारी ने सगर और ग्वाड़ क्षेत्र की महिला मंगल दलों के साथ जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। महिलाओं को साइबर ठगी के तरीकों और उनसे बचाव के उपायों की जानकारी दी गई। साथ ही किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की गई।

जागरूकता कार्यक्रमों के दौरान साइबर अपराधों और नशे के दुष्प्रभावों से संबंधित पंपलेट भी वितरित किए गए। पुलिस ने लोगों को सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाने और अपनी निजी जानकारी की सुरक्षा को लेकर सतर्क रहने का संदेश दिया।



चमोली पुलिस की अपील: पुलिस ने आमजन से अनजान कॉल, संदिग्ध लिंक और लालच भरे ऑनलाइन ऑफरों से सावधान रहने की अपील की है। साइबर ठगी का शिकार होने पर तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करें या आधिकारिक वेबसाइट www.cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराएं। पुलिस के अनुसार, डिजिटल दुनिया में सतर्कता ही सुरक्षा का सबसे महत्वपूर्ण उपाय है।

