बनबसा में जुआ खेलते आठ लोग गिरफ्तार, 21,170 रुपये बरामद

बनबसा में जुआ खेलते आठ लोग गिरफ्तार, 21,170 रुपये बरामद

स्थान : चम्पावत
ब्यूरो रिपोर्ट

चम्पावत जिले के बनबसा थाना क्षेत्र में पुलिस ने सार्वजनिक स्थान पर कथित रूप से जुआ खेल रहे आठ लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 52 ताश के पत्ते और 21,170 रुपये बरामद किए। इसके अलावा पांच मोटरसाइकिलों को मोटर वाहन अधिनियम के तहत सीज किया गया है।

पुलिस के अनुसार, जनपद में चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत 14 अक्टूबर 2026 की शाम चेकिंग के दौरान यह कार्रवाई की गई। क्षेत्राधिकारी टनकपुर के निर्देशन और थानाध्यक्ष बनबसा विनय मित्तल के नेतृत्व में शारदा बैराज चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक नरेश सिंह मेहरा सहित पुलिस टीम ने शनि मंदिर के पास बैराज पुल क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए आठ लोगों को पकड़ा।

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की पहचान तारा सिंह नेगी (55), निवासी वार्ड नंबर-2 बनबसा; किशन आर्या (38), निवासी नगरा तराई, कालापुल, थाना झनकैय्या, ऊधम सिंह नगर; अन्नू (34), निवासी मीना बाजार, वार्ड नंबर-5 बनबसा; देव सिंह चौहान (44), निवासी कैनाल कॉलोनी बनबसा; बंटी गुप्ता (45), निवासी मीना बाजार, वार्ड नंबर-6 बनबसा; साबिर हुसैन (67), निवासी कैनाल पुल बनबसा; बनवारी लाल (57), निवासी कैनाल कॉलोनी बनबसा; और अनीस अहमद (56), निवासी कैनाल पुल, बेलबंद गोठ, बनबसा के रूप में की है।

पुलिस के मुताबिक, मौके से 52 ताश के पत्ते और 21,170 रुपये बरामद किए गए। आरोपियों से संबंधित पांच मोटरसाइकिलों को भी सीज किया गया है।

मामले में थाना बनबसा में एफआईआर संख्या 79/2026 के तहत सार्वजनिक जुआ अधिनियम की धारा 13 में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस मामले में नियमानुसार कार्रवाई कर रही है।

कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में थानाध्यक्ष विनय मित्तल, शारदा बैराज चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक नरेश सिंह मेहरा, अपर उपनिरीक्षक धीरज सिंह बिष्ट, हेड कांस्टेबल नईम अहमद, विजय राणा और ललित मोहन जोशी तथा कांस्टेबल पंकज सजवाण शामिल रहे।

पुलिस ने बताया कि ऑपरेशन प्रहार के तहत क्षेत्र में चेकिंग और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए कार्रवाई जारी है।