
स्थान : हल्द्वानी
रिपोर्टर : पंकज सक्सेना

भाजपा नेता दुष्यंत गौतम को सिक्किम का राज्यपाल नियुक्त किए जाने के विरोध में यूथ कांग्रेस ने हल्द्वानी के बुद्ध पार्क में शव यात्रा निकालकर प्रदर्शन किया। इस दौरान संगठन के कार्यकर्ताओं ने नियुक्ति पर सवाल उठाते हुए अंकित हत्याकांड और मामले में कथित वीआईपी की भूमिका को लेकर कार्रवाई की मांग की।

यूथ कांग्रेस के जिला अध्यक्ष सुमित ने कहा कि अंकित हत्याकांड में पीड़ित परिवार को अब तक न्याय नहीं मिला है और मामले में कथित वीआईपी के खिलाफ भी कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने दुष्यंत गौतम को सिक्किम का राज्यपाल नियुक्त किए जाने पर आपत्ति जताते हुए आरोप लगाया कि भाजपा ने उन्हें दंडित करने के बजाय महत्वपूर्ण पद देकर पदोन्नति दी है।




सुमित ने अंकित के पिता की गिरफ्तारी का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि अंकित के पिता जंतर-मंतर पर धरना दे रहे थे, इसी दौरान पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया। यूथ कांग्रेस जिला अध्यक्ष ने इस कार्रवाई की आलोचना करते हुए पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग की।


उन्होंने भाजपा पर आरोप लगाया कि पार्टी से जुड़े कुछ लोगों पर महिलाओं से छेड़छाड़ और दुष्कर्म जैसे गंभीर आरोपों के मामलों में उचित कार्रवाई नहीं की जाती और उन्हें महत्वपूर्ण पदों पर नियुक्त किया जाता है। यूथ कांग्रेस ने ऐसे मामलों में निष्पक्ष जांच और जवाबदेही सुनिश्चित करने की मांग की।



प्रदर्शन के दौरान यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने दुष्यंत गौतम को सिक्किम के राज्यपाल पद से तत्काल हटाने की मांग की। संगठन ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांग पर कार्रवाई नहीं हुई, तो उत्तराखंड सहित देशभर में आंदोलन तेज किया जाएगा।

