खटीमा की ऐतिहासिक रामलीला में राम-केवट मिलन और भरत मिलाप ने मोहा मन

खटीमा की ऐतिहासिक रामलीला में राम-केवट मिलन और भरत मिलाप ने मोहा मन

स्थान : खटीमा
रिपोर्टर :
अशोक सरकार

ऊधम सिंह नगर जिले के खटीमा में ऐतिहासिक रामलीला का भव्य मंचन किया गया। रामलीला मैदान में आयोजित कार्यक्रम में राम-केवट मिलन, केवट सम्मेलन, भरत मिलाप और राजा दशरथ के परलोक गमन के प्रसंगों का भावपूर्ण मंचन किया गया। इन दृश्यों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया और पूरा परिसर भक्तिमय वातावरण में डूब गया।

राम-केवट मिलन के प्रसंग में जब केवट ने प्रभु श्रीराम, माता सीता और लक्ष्मण को गंगा पार कराया, तो ‘मेरी नैया पार लगा दो भगवान’ भजन से रामलीला मैदान गूंज उठा। कलाकारों की प्रस्तुति और भक्ति संगीत ने दर्शकों को भावविभोर कर दिया।

वहीं, भरत मिलाप के प्रसंग में भरत द्वारा प्रभु श्रीराम से अयोध्या लौटने का निवेदन और दोनों भाइयों के बीच अटूट प्रेम का मंचन देखकर दर्शकों की आंखें नम हो गईं। राजा दशरथ के परलोक गमन के प्रसंग ने भी दर्शकों को भावुक कर दिया।

रामलीला में प्रभु श्रीराम की भूमिका आशीष कुंवर, लक्ष्मण की भूमिका सुशांत कुमार, माता सीता की भूमिका मनीष मौर्य तथा केवट की भूमिका रामचंद्र कश्यप और वीरेंद्र रावत ने निभाई। स्थानीय कलाकारों ने अपने अभिनय से पात्रों को जीवंत कर दिया।

गौरीशंकर अग्रवाल की अध्यक्षता में आयोजित रामलीला में सैकड़ों की संख्या में दर्शक मौजूद रहे। कार्यक्रम के संबंध में मनोज बाधवा ने बताया कि स्थानीय कलाकारों ने केवट सम्मेलन का मंचन किया। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम के अंत में हनुमान अंश फिल्म भी दिखाई जाएगी।

रामलीला के सफल आयोजन के लिए समिति के पदाधिकारियों ने व्यवस्थाएं संभालीं। इस दौरान खटीमा प्रेस क्लब के अध्यक्ष केदार सोनकर, कोषाध्यक्ष ईश्वर सिंह, पत्रकार प्रेस परिषद के नगर अध्यक्ष अशोक सरकार, गुड्डू खान, टोनी वर्मा, सलीम, हेमंत कुमार, माया शंकर, पीयूष राणा और राहुल गुप्ता सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

खटीमा की इस ऐतिहासिक रामलीला में धार्मिक प्रसंगों के मंचन ने श्रद्धालुओं को भगवान श्रीराम के आदर्शों, पारिवारिक प्रेम और भक्ति की भावना से जोड़ने का संदेश दिया।