
स्थान : किच्छा
रिपोर्टर : राजू सहगल

ऊधम सिंह नगर जिले के किच्छा कोतवाली क्षेत्र में हथियारबंद बदमाशों ने डकैती की बड़ी वारदात को अंजाम दिया। बदमाशों ने एक कंपनी कर्मचारी के घर में घुसकर पूरे परिवार को हथियारों के बल पर बंधक बना लिया और सोने-चांदी के जेवर तथा नकदी लूटकर फरार हो गए। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश तेज कर दी है।

जानकारी के अनुसार, किच्छा कोतवाली की लालपुर पुलिस चौकी क्षेत्र में देर रात करीब तीन बजे आधा दर्जन हथियारबंद बदमाश कंपनी कर्मचारी दिनेश चौहान के घर में घुस गए। बदमाशों ने परिवार के सदस्यों को गन पॉइंट पर लेकर बंधक बना लिया। विरोध करने या शोर मचाने पर जान से मारने की धमकी देते हुए उन्होंने घर में रखे कीमती सामान की लूटपाट की।




बताया जा रहा है कि बदमाश घर से सोने-चांदी के जेवर और नकदी लेकर फरार हो गए। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी घर के बाहर खड़ी पीड़ित परिवार की स्कूटी भी अपने साथ ले गए। परिजनों के अनुसार, लूटे गए जेवरों की कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है, जबकि करीब 40 हजार रुपये की नकदी भी बदमाश ले गए।


घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर पीड़ित परिवार से घटना की जानकारी ली और बदमाशों की तलाश शुरू कर दी। वारदात की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने क्षेत्र में जांच और आरोपियों की धरपकड़ के प्रयास तेज कर दिए हैं।



पुलिस क्षेत्राधिकारी डीएल वर्मा के अनुसार, बदमाशों को पकड़ने के लिए पांच पुलिस टीमों का गठन किया गया है। टीमें लगातार आरोपियों की तलाश में जुटी हैं।
पीड़ित गृहस्वामी दिनेश चौहान की शिकायत के आधार पर पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपियों तक पहुंचने के लिए जरूरी साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।




