रेल हादसे की बड़ी साजिश नाकाम: गूलरभोज स्टेशन के पास असामाजिक तत्वों ने रेलवे ट्रैक पर रखीं लोहे की अर्थिंग प्लेटें

रेल हादसे की बड़ी साजिश नाकाम: गूलरभोज स्टेशन के पास असामाजिक तत्वों ने रेलवे ट्रैक पर रखीं लोहे की अर्थिंग प्लेटें

लोकेशन :- लालकुआँ
रिपोर्टर :- मुन्ना अंसारी

रेलवे सुरक्षा को चुनौती देते हुए असामाजिक तत्वों ने गूलरभोज रेलवे स्टेशन से लगभग 300 मीटर आगे, पोल संख्या 38 और ठंडी नाला के बीच, रेल पटरियों के किनारे की लोहे की अर्थिंग प्लेटों को ट्रैक पर रख दिया। गनीमत यह रही कि उस समय कोई ट्रेन नहीं आ रही थी, जिससे एक बड़ा रेल हादसा टल गया।

घटना की जानकारी मिलते ही रेलवे महकमे में हड़कंप मच गया। तत्काल मौके पर आरपीएफ कमांडेंट, आरपीएफ निरीक्षक, थानाध्यक्ष जीआरपी काठगोदाम, प्रभारी जीआरपी लालकुआं, तथा एसटीएफ कुमाऊं परिक्षेत्र की टीमें पहुंचीं और पूरे घटनास्थल का मुआयना किया। टीमों ने घटना की गंभीरता को देखते हुए संदिग्धों से पूछताछ भी शुरू कर दी है।

ट्रैक पर की गई छेड़छाड़ की उच्चाधिकारियों को जानकारी

रेलवे ट्रैक पर जानबूझकर की गई छेड़छाड़ की जानकारी उच्च अधिकारियों को दे दी गई है और मामले की विस्तृत जांच जारी है। रेलवे सूत्रों के अनुसार, यह रेल सुरक्षा के खिलाफ एक गंभीर साजिश हो सकती है, जिसे सतर्कता और समय रहते कार्रवाई के चलते विफल किया गया।

यातायात फिलहाल सामान्य

घटना के बाद भी रेल यातायात सुचारु रूप से चल रहा है। रेलवे और सुरक्षा एजेंसियां पूरे क्षेत्र में सुरक्षा कड़ी कर रही हैं, ताकि इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।

सुरक्षा एजेंसियों की अपील

रेलवे सुरक्षा बल (RPF) और GRP ने स्थानीय लोगों से अपील की है कि वे किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत अधिकारियों को दें, ताकि यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

रेल प्रशासन की सजगता और त्वरित कार्रवाई ने एक संभावित बड़ी दुर्घटना को टाल दिया। अब सभी की निगाहें जांच रिपोर्ट और दोषियों की गिरफ्तारी पर टिकी हैं।