रामनगर में बड़ा सड़क हादसा: मां गर्जिया देवी दर्शन को जा रहे एक ही परिवार के 14 श्रद्धालु घायल

रामनगर में बड़ा सड़क हादसा: मां गर्जिया देवी दर्शन को जा रहे एक ही परिवार के 14 श्रद्धालु घायल

रिपोर्टर -: आसिफ इक़बाल
लोकेशन -: रामनगर

उत्तर प्रदेश के अमरोहा से मां गर्जिया देवी के दर्शन के लिए निकला एक ही परिवार हादसे का शिकार हो गया। रामनगर क्षेत्र में सोमवार को हुए इस दर्दनाक सड़क हादसे में श्रद्धालुओं से भरा छोटा हाथी वाहन मोड़ काटते समय बिजली के पोल से टकराकर पलट गया। हादसे में वाहन में सवार 14 श्रद्धालु गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।

प्राथमिक जांच के अनुसार, वाहन चालक को नींद की झपकी आने के चलते यह हादसा हुआ। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बिजली का पोल भी क्षतिग्रस्त हो गया। आसपास मौजूद लोगों ने शोर सुनते ही मौके पर पहुंचकर सभी घायलों को रामनगर के सरकारी अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है।

हादसे में घायल सभी लोग एक ही परिवार के सदस्य हैं, जो मां गर्जिया देवी के दर्शन के लिए अमरोहा से आए थे। बताया जा रहा है कि वाहन में क्षमता से अधिक लोग सवार थे, जो हादसे का एक बड़ा कारण माना जा रहा है।

सवालों के घेरे में व्यवस्था

गर्जिया मंदिर में हर रोज हजारों श्रद्धालु पहुंच रहे हैं, लेकिन श्रद्धालुओं से भरे वाहनों की संख्या और उनकी हालत को लेकर परिवहन विभाग की लापरवाही सामने आई है। क्षमता से अधिक सवारियां ढोने वाले वाहनों पर रोक लगाने में विभाग विफल साबित हो रहा है।

स्थानीय प्रशासन और परिवहन विभाग की लापरवाही को लेकर अब सवाल उठने लगे हैं। यदि समय रहते सख्ती बरती जाती, तो शायद यह हादसा टल सकता था। लोगों का कहना है कि यदि जिम्मेदार अधिकारी अब भी नहीं जागे, तो भविष्य में कोई बड़ी दुर्घटना हो सकती है।

प्रशासन की प्रतिक्रिया

एसडीएम प्रमोद कुमार ने हादसे पर दुख जताते हुए कहा कि आज से ही क्षेत्र में चेकिंग अभियान शुरू किया जा रहा है। परिवहन विभाग और पुलिस को सख्त निर्देश दिए गए हैं कि बिना अनुमति और क्षमता से अधिक यात्रियों को ढो रहे वाहनों पर तत्काल कार्रवाई की जाए।

वहीं, एआरटीओ संदीप वर्मा ने बताया कि लगातार कार्रवाई की जा रही है, लेकिन कई बार श्रद्धालु अभद्रता पर उतर आते हैं। उन्होंने कहा कि अब हल्दुआ क्षेत्र में चेकिंग बढ़ाई जाएगी और सटल बस सेवा शुरू कर श्रद्धालुओं को सुरक्षित यात्रा उपलब्ध कराई जाएगी।

प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि दर्शन यात्रा के दौरान अपनी और दूसरों की सुरक्षा का ध्यान रखें और ओवरलोड वाहनों में यात्रा न करें