चारधाम यात्रा में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब: बद्रीनाथ में 7 लाख और हेमकुंड साहिब में 1 लाख श्रद्धालु कर चुके हैं दर्शन

चारधाम यात्रा में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब: बद्रीनाथ में 7 लाख और हेमकुंड साहिब में 1 लाख श्रद्धालु कर चुके हैं दर्शन

स्थान : चमोली

देश के प्रमुख चार धामों में शामिल बद्रीनाथ धाम में इस वर्ष भी भक्तों की भारी भीड़ उमड़ रही है। 2 मई को कपाट खुलने के बाद से अब तक लगभग 7 लाख श्रद्धालु भगवान बदरी विशाल के दर्शन कर चुके हैं। वहीं सिख श्रद्धालुओं के पवित्र तीर्थ हेमकुंड साहिब में 25 मई से अब तक 1 लाख से अधिक श्रद्धालु मत्था टेक चुके हैं।

जिलाधिकारी चमोली संदीप तिवारी ने जानकारी देते हुए बताया कि हर दिन हजारों की संख्या में श्रद्धालु बद्रीनाथ धाम पहुंच रहे हैं। प्रशासन यह सुनिश्चित कर रहा है कि श्रद्धालुओं को यात्रा के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो। “प्रशासनिक अमला पूरी तरह से अलर्ट है और हर आवश्यक व्यवस्था मौके पर मौजूद है,” उन्होंने कहा।

वहीं, पुलिस अधीक्षक सर्वेश पवार ने बताया कि यात्रा को सुरक्षित और सुगम बनाने के लिए सभी प्रमुख स्थानों पर पुलिस बल की तैनाती की गई है। उन्होंने बताया कि यात्रा के दौरान कुछ असामाजिक तत्व श्रद्धालुओं की जेब काटने और मोबाइल चोरी करने की घटनाओं में शामिल पाए गए, जिन्हें पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

एसपी पवार ने यह भी कहा कि अवैध गतिविधियों में लिप्त लोगों पर सख्त कार्रवाई की जा रही है, और श्रद्धालुओं से अपील की गई है कि वे भीड़-भाड़ वाले क्षेत्रों में सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।

प्रशासन और पुलिस की मुस्तैदी के चलते अब तक की यात्रा शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संचालित हो रही है। यात्रियों को साफ-सफाई, चिकित्सा सुविधा, जलपान व्यवस्था और ट्रैफिक प्रबंधन में किसी भी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए हर स्तर पर निगरानी की जा रही है।