


लोकेशन : ऋषिकेश
रिपोर्टर : सागर रस्तोगी


हरिद्वार के एक गांव में नाबालिग लड़की के साथ दुष्कर्म के मामले में दो युवकों को गिरफ्तार किया गया है। घटना को लेकर इलाके में तनाव फैल गया है। पुलिस ने चाची की तहरीर पर मुकदमा दर्ज करते हुए आरोपियों अंशुल और शोएब को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।


पुलिस के मुताबिक, प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपियों ने नाबालिग को बहला-फुसलाकर दुष्कर्म किया। मामला प्रकाश में आने के बाद हिंदू संगठनों में भारी आक्रोश देखा गया। सोमवार को अमित ग्राम, गुमानीवाला क्षेत्र में विभिन्न हिंदू संगठनों के कार्यकर्ता एकत्रित हुए और समुदाय विशेष के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया।


प्रदर्शनकारियों ने आरोपियों में शामिल समुदाय विशेष के युवक के घर का ताला तोड़ने और सामान बाहर निकालने की कोशिश की, लेकिन मौके पर तैनात पुलिस बल ने स्थिति को नियंत्रण में रखा और किसी भी तरह की हिंसा को टाल दिया।



हिंदू संगठनों ने पुलिस पर अपराधियों को संरक्षण देने का आरोप लगाया और स्थानीय लोगों से अपील की कि वे समुदाय विशेष के लोगों को घर या दुकान किराए पर न दें। इससे क्षेत्र में सांप्रदायिक तनाव की स्थिति बन गई है, जिसे देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सतर्कता बढ़ा दी है।


कोतवाल प्रदीप राणा ने बयान जारी कर बताया कि नाबालिग से दुष्कर्म के आरोप में अंशुल और शोएब के खिलाफ सख्त धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया गया है। उन्होंने जनता से शांति बनाए रखने और कानून हाथ में न लेने की अपील की है।



प्रशासन ने मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए क्षेत्र में पुलिस बल तैनात कर दिया है और सोशल मीडिया पर भड़काऊ पोस्ट पर भी नजर रखी जा रही है।




