


रिपोर्ट : भगवान सिंह
स्थान : पौड़ी


पौड़ी जिले के सतपुली-गुमखाल क्षेत्र में 7 जून की रात को हुई सनसनीखेज हत्या के फरार आरोपी को पुलिस ने हरियाणा के यमुनानगर से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी प्रवीण सिंह, जो जोशीमठ (जिला चमोली) का निवासी है, पर पोकलैंड मशीन की बकेट से सुमन देवरानी की हत्या करने का आरोप है।



वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी लोकेश्वर सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि आरोपी घटना के बाद से फरार चल रहा था। पौड़ी पुलिस की एक विशेष टीम ने दो दिन की अथक खोजबीन और तकनीकी निगरानी के बाद बीती रात यमुनानगर (हरियाणा) से उसे धर दबोचा।



पुलिस ने आरोपी को आज न्यायालय के समक्ष पेश कर आवश्यक वैधानिक कार्यवाही शुरू कर दी है। उसके खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 302 (हत्या) के तहत मामला दर्ज है।



पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में हत्या के पीछे आपसी विवाद की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पूरे मामले की गहनता से जांच की जा रही है। इस गिरफ्तारी से इलाके में फैले डर और असुरक्षा के माहौल को कुछ हद तक राहत मिली है।


पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि कानून से बचने की कोई भी कोशिश सफल नहीं होगी और अपराधियों को सख्त सजा दिलाई जाएगी।



