खटीमा तहसील में आत्मदाह की कोशिश, अधेड़ व्यक्ति 60 प्रतिशत झुलसाजमीन विवाद से परेशान होकर उठाया खौफनाक कदम, हालत गंभीर

खटीमा तहसील में आत्मदाह की कोशिश, अधेड़ व्यक्ति 60 प्रतिशत झुलसाजमीन विवाद से परेशान होकर उठाया खौफनाक कदम, हालत गंभीर

स्थान – खटीमा (उधम सिंह नगर)
रिपोर्ट- अशोक सरकार

उत्तराखंड के खटीमा तहसील परिसर में मंगलवार शाम उस वक्त सनसनी फैल गई जब एक अधेड़ व्यक्ति ने खुद पर ज्वलनशील पदार्थ डालकर आत्मदाह करने की कोशिश की। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, घटना शाम करीब 6 बजे की है जब एक व्यक्ति स्कूटी से तहसील परिसर पहुंचा और स्कूटी खड़ी कर बोतल से लाया गया ज्वलनशील पदार्थ अपने ऊपर डालकर आग लगा ली।

जैसे ही आग लगी, तहसील परिसर में अफरा-तफरी मच गई। वहां मौजूद लोगों ने तुरंत दौड़कर आग बुझाने की कोशिश की और 108 एंबुलेंस को सूचना दी गई। लेकिन तब तक व्यक्ति करीब 60 प्रतिशत तक झुलस चुका था। गंभीर हालत में उसे खटीमा के सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।

झुलसे व्यक्ति की पहचान नारायण सिंह, निवासी ग्राम दियूरी, के रूप में हुई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, नारायण सिंह लंबे समय से परिवार में चल रहे जमीन विवाद को लेकर मानसिक तनाव में था। बताया जा रहा है कि उनका अपने तीन भाइयों के साथ संपत्ति का विवाद चल रहा था, जिससे क्षुब्ध होकर उन्होंने यह आत्मघाती कदम उठाया।

पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। तहसील प्रशासन का कहना है कि घटना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है और मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। आत्मदाह के पीछे की असल वजह जानने के लिए पुलिस नारायण सिंह के परिजनों से भी पूछताछ कर रही है।

इस घटना ने स्थानीय लोगों को झकझोर कर रख दिया है। लोगों का कहना है कि संपत्ति विवादों को समय रहते हल न किया जाए तो ऐसे दुर्भाग्यपूर्ण कदम उठाने की नौबत आ जाती है। प्रशासन से मांग की जा रही है कि परिवारिक विवादों के समाधान के लिए समयबद्ध कार्रवाई की जाए ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं दोहराई न जाएं।