


रिपोर्टर : संजय जोशी
स्थान : रानीखेत


सांस्कृतिक समिति रानीखेत द्वारा 20 जून से 27 जून तक आयोजित की जा रही कथक नृत्य प्रशिक्षण कार्यशाला की तैयारियों को लेकर शिव मंदिर धर्मशाला में बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता समिति अध्यक्ष विमल सती ने की।


कार्यशाला में गुजरात के भावनगर से आमंत्रित प्रख्यात कथक प्रशिक्षक जिगर भट्ट के साथ-साथ डॉ. निष्ठा देसाई सहित कुल चार प्रशिक्षक और छह प्रशिक्षित बालिकाएं प्रतिभागियों को प्रशिक्षण देंगी।

प्रशिक्षण सत्र रानीखेत के मिशन इंटर कॉलेज में प्रतिदिन दो भागों में आयोजित होंगे। कार्यशाला का समापन 27 जून को सेना के दीवान सिंह हाल में प्रतिभागियों की सांस्कृतिक प्रस्तुति के साथ होगा।


सांस्कृतिक समिति के अनुसार कार्यशाला को लेकर क्षेत्र की महिलाओं और विद्यार्थियों में खासा उत्साह है। अब तक 80 से अधिक प्रतिभागी पंजीकरण करा चुके हैं और यह संख्या लगातार बढ़ रही है।

बैठक में समिति से अधिक से अधिक लोगों को जोड़ने और कला-संस्कृति में रुचि रखने वाले नागरिकों को सदस्यता देने पर भी चर्चा हुई।


इस अवसर पर संरक्षक हरीश लाल साह, महासचिव गौरव भट्ट, उपाध्यक्ष राजेंद्र पंत, कोषाध्यक्ष गौरव तिवारी, अशोक पंत, संजय पंत, परमवीर मेहरा, अभिषेक कांडपाल सहित कई सदस्य मौजूद रहे।


कार्यशाला के आयोजन से रानीखेत की सांस्कृतिक गतिविधियों को नया आयाम मिलने की उम्मीद की जा रही है।


