प्रेम नगर में जल जीवन मिशन के खिलाफ फूटा गुस्सा, ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन

प्रेम नगर में जल जीवन मिशन के खिलाफ फूटा गुस्सा, ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन

स्थान : लोहाघाट( चंपावत)
रिपोर्ट : लक्ष्मण बिष्ट

प्रेम नगर के ग्रामीणों का धैर्य अब जवाब देने लगा है। जल जीवन मिशन योजना के तहत कार्य शुरू न होने पर रविवार को प्रेम नगर वासियों ने निर्माण स्थल पर जाकर जल संस्थान लोहाघाट के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया।

ग्रामीणों का कहना है कि बीते 25–30 वर्षों से क्षेत्र में पानी की गंभीर किल्लत है। उन्हें हर घर नल, हर घर जल योजना से कुछ उम्मीदें जगी थीं, लेकिन अब तक केवल आश्वासन ही मिले हैं, कार्य शुरू नहीं हुआ। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि तीन सप्ताह के भीतर पेयजल लाइन बिछाकर जलापूर्ति शुरू नहीं की गई, तो वे जुलाई के पहले सप्ताह से उप जिलाधिकारी कार्यालय लोहाघाट में धरना-प्रदर्शन शुरू करेंगे।

ग्रामीणों ने बताया कि पाटन कनेड़ी क्षेत्र में प्रेम नगर वासियों के लिए ट्यूबवेल की खुदाई तो कर दी गई है, लेकिन पाइपलाइन कनेक्शन नहीं दिया जा रहा। इस मुद्दे को लेकर पिछले सप्ताह एक शिष्टमंडल ने उप जिलाधिकारी से भी मुलाकात की थी। इसके बाद एसडीएम लोहाघाट ने जल संस्थान के अभियंता को कार्य शीघ्र शुरू करने के निर्देश दिए थे।

अभियंता पवन बिष्ट ने एक सप्ताह के भीतर कार्य शुरू करने का आश्वासन दिया था, लेकिन आज जब ग्रामीण मौके पर पहुंचे तो स्थिति जस की तस पाई गई, जिससे नाराज होकर उन्होंने नारेबाजी और प्रदर्शन किया।

ग्रामीणों ने कहा कि अब संघर्ष ही अंतिम रास्ता है। आगामी रविवार को प्रेम नगर में एक और बैठक कर संघर्ष समिति का गठन किया जाएगा, जो आंदोलन की रूपरेखा तैयार करेगी।