
स्थान : थराली (चमोली)
रिपोर्टर : विनोद पांडे

कानून व्यवस्था की जिम्मेदारी निभाने के साथ-साथ थराली थानाध्यक्ष विनोद चौरसिया सामाजिक और मानवीय दायित्वों का भी निर्वहन कर रहे हैं। उन्होंने निराश्रित गोवंशों की देखभाल के लिए अपने वेतन से 11 हजार रुपये की धनराशि सूना गांव स्थित गौ सदन को प्रदान की है।

सूना गांव स्थित गौ सदन में वर्तमान में 42 निराश्रित गोवंशों को आश्रय दिया जा रहा है। थानाध्यक्ष की ओर से दी गई सहयोग राशि का उपयोग गोवंशों के लिए चारा, भूसा और पौष्टिक आहार की व्यवस्था करने में किया जाएगा।




थानाध्यक्ष विनोद चौरसिया ने सामाजिक कार्यकर्ता गंगा सिंह को सहयोग राशि सौंपी। इस दौरान उन्होंने क्षेत्रवासियों से भी गौ सदन के संचालन और निराश्रित गोवंशों की देखभाल के लिए अपनी सामर्थ्य के अनुसार सहयोग करने की अपील की।

थानाध्यक्ष ने कहा कि बेजुबान पशु अपनी पीड़ा किसी के सामने व्यक्त नहीं कर सकते हैं। बेसहारा पशुओं को भूख, ठंड और सड़क दुर्घटनाओं जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ता है। ऐसे में उनकी सुरक्षा और देखभाल करना समाज की जिम्मेदारी है।


उन्होंने पशुपालकों से अपने पशुओं को बेसहारा सड़कों पर नहीं छोड़ने की अपील की। उन्होंने कहा कि पशुओं के भरण-पोषण और उनकी सुरक्षा की जिम्मेदारी पशुपालकों को स्वयं निभानी चाहिए। पशुओं को सुरक्षित आश्रय उपलब्ध कराना ही सच्ची गोसेवा है।
गौ सदन में सामाजिक कार्यकर्ता गंगा सिंह, प्रेमचंद देवराड़ी सहित अन्य सदस्य निस्वार्थ भाव से निराश्रित गोवंशों की सेवा कर रहे हैं। उनके द्वारा गोवंशों के भोजन और देखभाल की व्यवस्था की जा रही है।



क्षेत्रीय लोग भी अपनी सामर्थ्य के अनुसार गौ सदन के संचालन में सहयोग कर रहे हैं। थानाध्यक्ष की यह पहल समाज में पशु संरक्षण और मानवीय संवेदनाओं को बढ़ावा देने की दिशा में एक प्रेरणादायी कदम है।

वहीं, चमोली पुलिस ने आमजन से अपील की है कि वे अपने पशुओं को बेसहारा सड़कों पर न छोड़ें। कहीं भी निराश्रित गोवंश दिखाई देने पर संबंधित गौ सदन अथवा स्थानीय प्रशासन को इसकी सूचना दें, ताकि उन्हें सुरक्षित आश्रय उपलब्ध कराया जा सके।
थानाध्यक्ष विनोद चौरसिया की इस पहल ने संदेश दिया है कि खाकी वर्दी केवल कानून व्यवस्था बनाए रखने का प्रतीक नहीं, बल्कि सामाजिक जिम्मेदारी और मानवीय संवेदनाओं का भी प्रतीक है। उनका यह प्रयास समाज के अन्य लोगों को भी बेजुबान पशुओं की सहायता के लिए प्रेरित करने वाला है।

