
स्थान : खटीमा
रिपोर्टर : अशोक सरकार

कार्तिक पूर्णिमा एवं सिखों के प्रथम गुरु श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व के पावन अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी अपने गृह क्षेत्र खटीमा पहुंचे। यहां उन्होंने पीलीभीत रोड स्थित गुरुद्वारा साहिब में मत्था टेककर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने सिख समाज के ऐतिहासिक तीर्थस्थलों के विकास और धार्मिक विरासत के संरक्षण के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई।

प्रकाश पर्व के अवसर पर गुरुद्वारा साहिब में आस्था और श्रद्धा का सैलाब देखने को मिला। मुख्यमंत्री के आगमन पर गुरुद्वारा प्रबंधन समिति के पदाधिकारियों और स्थानीय संगत ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने गुरुद्वारे में शीश नवाकर प्रदेश की निरंतर उन्नति और जनकल्याण के लिए अरदास की।




मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेशवासियों को श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व और कार्तिक पूर्णिमा की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि गुरु नानक देव जी का संपूर्ण जीवन मानवता की सेवा, परोपकार, आपसी प्रेम, समानता और भाईचारे का संदेश देता है। उनके उपदेश संपूर्ण मानव समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में केंद्र और राज्य सरकार सिख समाज की धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण और ऐतिहासिक तीर्थस्थलों के विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है। श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने और धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न महत्वपूर्ण परियोजनाओं पर काम किया जा रहा है।



हेमकुंड साहिब रोपवे परियोजना का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि इस महत्वाकांक्षी परियोजना के पूरा होने से श्रद्धालुओं की यात्रा अधिक सुगम हो सकेगी। विशेष रूप से बुजुर्गों और कठिन पर्वतीय यात्रा करने में असमर्थ श्रद्धालुओं को इसका लाभ मिलने की उम्मीद है।
इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने रीठा साहिब के निकट धर्मशाला निर्माण का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि धार्मिक स्थलों पर आधारभूत सुविधाओं के विस्तार से श्रद्धालुओं को बेहतर व्यवस्थाएं मिलेंगी। इन परियोजनाओं से प्रदेश में धार्मिक पर्यटन के साथ स्थानीय रोजगार और व्यापार की संभावनाओं को भी बढ़ावा मिलेगा।



मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देवभूमि उत्तराखंड को विभिन्न धर्मों, संस्कृतियों और परंपराओं के समन्वय की भूमि बताया। उन्होंने सभी लोगों से आपसी प्रेम, सामाजिक सद्भाव और भाईचारे की भावना को मजबूत करते हुए प्रदेश के सर्वांगीण विकास में मिलकर योगदान देने का आह्वान किया।

इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, नगर पालिका अध्यक्ष रमेश चंद्र जोशी, दर्जा मंत्री गंभीर सिंह धामी, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, गुरुद्वारा प्रबंधन समिति के पदाधिकारी और श्रद्धालु मौजूद रहे।

श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व पर मुख्यमंत्री के खटीमा दौरे को लेकर स्थानीय संगत में खासा उत्साह देखने को मिला। वहीं, हेमकुंड साहिब रोपवे और रीठा साहिब धर्मशाला जैसी परियोजनाओं के पूरा होने से उत्तराखंड में सिख तीर्थयात्रियों के लिए सुविधाओं का विस्तार होने के साथ धार्मिक पर्यटन को नई गति मिलने की उम्मीद है।

