खटीमा में जन समस्याएं सुनने पहुंचे नोडल अधिकारी, पुलिया निर्माण शुरू होने पर जताया आभार

खटीमा में जन समस्याएं सुनने पहुंचे नोडल अधिकारी, पुलिया निर्माण शुरू होने पर जताया आभार

स्थान- खटीमा (उधम सिंह नगर)
रिपोर्ट -अशोक सरकार

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर नोडल अधिकारी दिनेश कुमार यादव ने खटीमा स्थित लोक निर्माण अतिथि गृह में जनता दरबार लगाकर स्थानीय लोगों की समस्याएं सुनीं। इस मौके पर बड़ी संख्या में लोग पहुंचे और अपनी-अपनी समस्याएं उनके समक्ष रखीं।

नोडल अधिकारी दिनेश यादव ने अधिकांश समस्याओं को मौके पर ही संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश देकर निराकरण की प्रक्रिया शुरू कर दी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान करना सरकार की प्राथमिकता है।

इस दौरान स्थानीय लोगों ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और नोडल अधिकारी का आभार जताया। खटीमा निवासी रजनी राणा ने कहा कि बीते 20 वर्षों से एक पुलिया का निर्माण नहीं हो पाया था, जिससे बरसात के समय आवागमन में भारी परेशानी होती थी। लेकिन अब मुख्यमंत्री के निर्देश पर 22 लाख की लागत से पुलिया निर्माण का कार्य शुरू हो गया है, जिसके लिए वे सरकार के प्रति आभार प्रकट करती हैं।

नोडल अधिकारी दिनेश यादव ने कहा कि खटीमा विधानसभा क्षेत्र के पकड़िया क्षेत्र में बाढ़ से राहत हेतु पुलिया का निर्माण कराया जा रहा है। इसके बन जाने से अब आपदा के समय भी स्थानीय लोगों को आवागमन में कोई समस्या नहीं होगी।


टिप्पणी:
मुख्यमंत्री के निर्देशों पर जन समस्याओं के समाधान की यह पहल शासन की संवेदनशीलता और तत्परता को दर्शाती है। स्थानीय लोगों की वर्षों पुरानी समस्याओं का समाधान अब धरातल पर दिखने लगा है।