कांग्रेस भ्रम फैला रही, जनता गुमराह नहीं होगी: मेयर गजराज सिंह बिष्ट

कांग्रेस भ्रम फैला रही, जनता गुमराह नहीं होगी: मेयर गजराज सिंह बिष्ट

रिपोर्टर नाम-: आसिफ इक़बाल

लोकेशन-: रामनगर

भाजपा के वरिष्ठ नेता और हल्द्वानी नगर निगम के मेयर गजराज सिंह बिष्ट रामनगर पहुंचे, जहां भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य स्वागत किया। इस अवसर पर उन्होंने कांग्रेस और उसके नेताओं पर कड़ा प्रहार किया।

मेयर गजराज बिष्ट ने कहा कि स्मार्ट मीटरों को लेकर कांग्रेस जनता में भ्रम फैलाने के साथ-साथ अराजकता की स्थिति पैदा कर रही है। उन्होंने कहा, “यह मीटर केवल उत्तराखंड ही नहीं, बल्कि देश के कई राज्यों में लगाए जा रहे हैं, लेकिन कांग्रेस बिना कारण राज्य में विवाद पैदा कर रही है।”

उन्होंने कहा कि कुछ तकनीकी खामियों की शिकायतें आई थीं, जिन्हें प्रशासन द्वारा दूर भी किया गया है, और यह मीटर उपभोक्ताओं के लिए सुविधाजनक साबित होंगे।

रणजीत रावत पर सीधा निशाना

रामनगर में कांग्रेस के पूर्व विधायक रणजीत सिंह रावत पर निशाना साधते हुए मेयर बिष्ट ने कहा कि, “किच्छा में तिलक राज बेहड़ की तरह अब रामनगर में रणजीत रावत अराजकता फैला रहे हैं, जिसे सहन नहीं किया जाएगा। भाजपा जनता के हित में काम करती है, जेल भेजना हमारा काम नहीं, यह काम जनता करेगी।”

शराब की दुकानों पर विरोध का जवाब

प्रदेश में नई शराब की दुकानों को लेकर हो रहे विरोध पर मेयर बिष्ट ने कहा कि सरकार का यह निर्णय राजस्व वृद्धि के उद्देश्य से लिया गया था। लेकिन उन्होंने यह भी जोड़ा कि, “जहां जनता विरोध कर रही है, वहां सरकार पुनर्विचार कर आवश्यक निर्णय ले सकती है।”

कांग्रेस पर ओछी राजनीति का आरोप

मेयर गजराज सिंह ने कांग्रेस पर ओछी राजनीति और जन भावनाओं से खेलने का आरोप लगाते हुए कहा कि, “कांग्रेस के पास कोई मुद्दा नहीं बचा है, इसलिए वे जनता को भड़काने का प्रयास कर रहे हैं। लेकिन जनता समझदार है और समय-समय पर उन्हें करारा जवाब देती रही है।”