
स्थान : हल्द्वानी
रिपोर्टर ; पंकज सक्सेना

एमबीपीजी कॉलेज छात्रसंघ अध्यक्ष पद पर जीत दर्ज करने के बाद निर्दलीय आर्यन बेलवाल गोल्ज्यू महाराज मंदिर पहुंचे। यही वह स्थान है जहां उन्होंने चुनाव से पहले जूते-चप्पल त्यागकर संकल्प लिया था। जीत के बाद उन्होंने उसी मंदिर में दोबारा जूते-चप्पल पहनकर अपना प्रण पूरा किया।

आर्यन ने बताया कि चुनाव से पहले इसी स्थान पर उन्होंने पट्टा उतारा था और बाद में उन्हें भगवा पट्टा पहनाया गया था। उन्होंने कहा कि उनके साथ उनके चार दोस्तों ने भी जूते-चप्पल त्यागकर यह संकल्प लिया था और अब सभी ने अपना प्रण पूरा किया है।



उन्होंने कहा कि चुनाव प्रचार के दौरान छात्र-छात्राओं से जो भी वादे किए गए थे, उन्हें पूरा करने की दिशा में काम किया जाएगा। आर्यन ने कहा कि कॉलेज के विकास और छात्रों की समस्याओं के समाधान को प्राथमिकता दी जाएगी।


नवनिर्वाचित अध्यक्ष ने कहा कि कॉलेज परिसर में बिना आईकार्ड किसी व्यक्ति को प्रवेश नहीं दिया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि बाहरी लोगों की आवाजाही रोकने और कॉलेज परिसर में गुंडागर्दी पर लगाम लगाने के लिए प्रशासन के साथ मिलकर व्यवस्था मजबूत की जाएगी।


आर्यन ने छात्रावास, लाइब्रेरी, पार्किंग और शिक्षा व्यवस्था से जुड़े मुद्दों को भी प्रमुखता से उठाने की बात कही। उन्होंने कहा कि नियमित कक्षाओं और बेहतर शैक्षणिक माहौल को लेकर प्राचार्य और विश्वविद्यालय के कुलपति से चर्चा की जाएगी।

उन्होंने कहा कि खेल और खिलाड़ियों के लिए भी कॉलेज में बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा। खेल सामग्री और अन्य जरूरी संसाधनों की व्यवस्था को लेकर कॉलेज प्रशासन के साथ बातचीत की जाएगी।]\



आर्यन के पिता ने भी बेटे की जीत पर खुशी जताई। भविष्य में आर्यन राजनीति में आगे जाएंगे या नहीं, इस सवाल पर उन्होंने कहा कि आगे की परिस्थितियां और आर्यन का काम ही उसका राजनीतिक भविष्य तय करेगा।

आर्यन बेलवाल ने कहा कि छात्रसंघ अध्यक्ष के रूप में उनका मुख्य उद्देश्य कॉलेज में शिक्षा, अनुशासन और विकास का माहौल तैयार करना है। उन्होंने कहा कि छात्रों के हित से जुड़े मुद्दों को लेकर प्राचार्य और कुलपति स्तर पर लगातार बातचीत की जाएगी और चुनाव के दौरान किए गए वादों को पूरा करने का प्रयास किया जाएगा।

