
स्थान : हल्द्वानी
रिपोर्टर ; पंकज सक्सेना

कुमाऊं के सबसे बड़े एमबीपीजी कॉलेज में इस बार छात्रसंघ अध्यक्ष पद का चुनाव बेहद रोमांचक रहा। अध्यक्ष पद पर निर्दलीय प्रत्याशी आर्यन बेलवाल ने जीत दर्ज की। एबीवीपी से टिकट नहीं मिलने के बाद उन्होंने निर्दलीय चुनाव लड़ने का फैसला किया था।

चुनाव प्रचार के दौरान प्रत्याशियों ने अलग-अलग तरीके से अपनी आस्था और संकल्प का प्रदर्शन किया। किसी प्रत्याशी ने माता गर्जिया के दर्शन किए तो किसी ने पूर्णागिरि धाम जाकर आशीर्वाद लिया। वहीं आर्यन बेलवाल ने चुनाव से पहले जूते-चप्पल त्यागकर प्रचार शुरू किया था।


आर्यन बेलवाल ने चुनाव से पहले गोल्ज्यू महाराज के मंदिर में प्रण लिया था कि छात्रसंघ चुनाव संपन्न होने के बाद ही वह दोबारा अपने पैरों में जूते या चप्पल पहनेंगे। उनके साथ तीन साथियों ने भी यही संकल्प लिया था।


अध्यक्ष पद पर जीत के बाद आर्यन बेलवाल अपने माता-पिता, नाना-नानी और दोस्तों के साथ गोल्ज्यू महाराज मंदिर पहुंचे। यहां उन्होंने पूजा-अर्चना कर अपनी जीत के लिए आभार जताया।



इसी मंदिर में उन्होंने चुनाव से पहले जूते-चप्पल त्यागे थे। चुनाव में जीत और अपना संकल्प पूरा होने के बाद आर्यन और उनके साथियों ने मंदिर परिसर में दोबारा जूते-चप्पल धारण किए।

आर्यन बेलवाल ने कहा कि छात्र-छात्राओं ने उन पर जो भरोसा जताया है, उसे वह कायम रखने का प्रयास करेंगे। उन्होंने चुनाव के दौरान किए गए वादों को पूरा करने की बात कही।



उन्होंने कहा कि कॉलेज में छात्रहित से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया जाएगा। साथ ही कॉलेज परिसर में अनुशासन बनाए रखने और कथित गुंडागर्दी जैसी गतिविधियों को समाप्त करने के लिए प्रयास करने की बात कही।

एमबीपीजी कॉलेज के अध्यक्ष पद पर आर्यन बेलवाल ने 1723 मत हासिल किए, जबकि एनएसयूआई प्रत्याशी मेहुल साह को 1257 और एबीवीपी प्रत्याशी धीरज बिष्ट को 988 मत मिले। आर्यन ने 466 मतों के अंतर से जीत दर्ज की।

