
स्थान : रामनगर
ब्यूरो रिपोर्ट

रामनगर के पीएनजी राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में वर्ष 2026-27 के छात्रसंघ चुनाव के परिणाम घोषित कर दिए गए हैं। अध्यक्ष पद पर निर्दलीय प्रत्याशी नीरज कंडारी ने बेहद करीबी मुकाबले में जीत दर्ज की। कॉलेज प्रशासन ने मतगणना पूरी होने के बाद सभी विजयी प्रत्याशियों के नामों की आधिकारिक घोषणा की।

कॉलेज के प्राचार्य डॉ. एमसी पांडे ने चुनाव परिणामों की जानकारी देते हुए बताया कि अध्यक्ष पद पर नीरज कंडारी को 738 मत मिले। उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी सूरज रावत को 733 मत प्राप्त हुए, जबकि विशाखा चौहान को 383 मत मिले। नीरज कंडारी ने महज पांच मतों के अंतर से अध्यक्ष पद पर जीत हासिल की।


उपाध्यक्ष छात्रा पद पर ईशा नेगी निर्वाचित हुईं। ईशा नेगी को 953 मत मिले, जबकि उनकी प्रतिद्वंद्वी यशोदा को 817 मत प्राप्त हुए। मतगणना के बाद ईशा नेगी को विजयी घोषित किया गया।


सचिव पद पर रोहित जोशी ने जीत दर्ज की। रोहित जोशी को 1014 मत प्राप्त हुए, जबकि ललित कांत पाल को 669 मत मिले। संयुक्त सचिव पद पर नेहा शर्मा ने जीत हासिल की। नेहा शर्मा को 802 मत, विनीता रावत को 609 और अमृत कौर को 191 मत प्राप्त हुए।


कोषाध्यक्ष पद पर सृष्टि और उपाध्यक्ष छात्र पद पर दीपांशु निर्विरोध निर्वाचित घोषित किए गए। इन दोनों पदों पर अन्य प्रत्याशी नहीं होने के कारण कॉलेज प्रशासन ने दोनों को निर्विरोध विजेता घोषित किया।

सांस्कृतिक सचिव पद पर दीपांशु आर्य ने जीत दर्ज की। दीपांशु आर्य को 827 मत प्राप्त हुए, जबकि प्रियांशु लखचोरा को 504 और साक्षी को 351 मत मिले। इस पद पर दीपांशु आर्य ने स्पष्ट बढ़त के साथ जीत हासिल की।



विश्वविद्यालय प्रतिनिधि पद पर भुवनचंद जोशी निर्वाचित हुए। भुवनचंद जोशी को 903 मत प्राप्त हुए, जबकि विकास सिंह को 750 मत मिले। मतगणना पूरी होने के बाद कॉलेज प्रशासन ने भुवनचंद जोशी को विश्वविद्यालय प्रतिनिधि पद पर निर्वाचित घोषित किया।

इस तरह पीएनजी राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय छात्रसंघ चुनाव में अध्यक्ष समेत विभिन्न पदों पर नए पदाधिकारियों का निर्वाचन हो गया है। चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद विजयी प्रत्याशियों और उनके समर्थकों में उत्साह देखने को मिला, वहीं कॉलेज प्रशासन ने सभी निर्वाचित पदाधिकारियों के नाम औपचारिक रूप से घोषित कर दिए।

