
स्थान : लक्सर
ब्यूरो रिपोर्ट

लक्सर में मंगलवार देर शाम जमीन विवाद से परेशान एक युवक ने कोतवाली परिसर में खुद को आग लगा ली। घटना के बाद पुलिसकर्मियों ने तत्काल आग बुझाकर युवक को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। मामले के सामने आने के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया।

मुंडाखेड़ा खुर्द निवासी नारायण उर्फ नीटू का अपने ससुराल पक्ष के लोगों के साथ जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। बताया जा रहा है कि विवाद के संबंध में युवक ने पहले पुलिस से शिकायत भी की थी।


परिजनों का आरोप है कि शिकायत के बावजूद मामले में समय रहते समाधान नहीं हो सका। इससे नारायण लगातार परेशान चल रहा था। हालांकि पुलिस का कहना है कि पूरे घटनाक्रम और जमीन विवाद से जुड़े तथ्यों की जांच की जा रही है।


मंगलवार देर शाम नारायण लक्सर कोतवाली पहुंचा। इसी दौरान उसने कोतवाली परिसर में खुद को आग लगा ली। घटना होते ही वहां मौजूद पुलिसकर्मियों ने तत्काल बचाव का प्रयास शुरू किया।


पुलिसकर्मियों ने कंबल की मदद से आग बुझाई और घायल युवक को लक्सर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर कर दिया।
बताया जा रहा है कि युवक करीब 60 प्रतिशत तक झुलस गया है। उसे उपचार के लिए एम्स ऋषिकेश में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।




घटना के बाद युवक के परिजनों ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। परिजनों का आरोप है कि जमीन विवाद को लेकर शिकायत किए जाने के बावजूद समय पर प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई।
सीओ देवेंद्र सिंह नेगी के मुताबिक जमीन विवाद से जुड़ा मामला सामने आया है। पूरे प्रकरण की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

