
स्थान : देहरादून
ब्यूरो रिपोर्ट

देहरादून में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने सेवा संकल्प अभियान को लेकर जानकारी देते हुए बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस से शुरू हुआ अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा। राज्य सरकार ने भी 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक सेवा संकल्प अभियान आयोजित किए जाने की घोषणा की है।

महेंद्र भट्ट के मुताबिक अभियान के तहत पार्टी कार्यकर्ता पूरे एक माह तक विभिन्न सामाजिक और सेवा गतिविधियों में सहभागिता कर रहे हैं। प्रत्येक दिन अलग-अलग कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं और कार्यकर्ताओं को इनमें सक्रिय रूप से शामिल किया जा रहा है।


उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान सामाजिक मिलन कार्यक्रमों के साथ ही विद्यालयों में छात्र-छात्राओं के बीच विभिन्न प्रतियोगिताओं और सेवा से जुड़े कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है।

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि अभियान के माध्यम से अलग-अलग वर्गों के लोगों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है। राज्य सरकार की ओर से घोषित अभियान में भी विद्यार्थियों, युवाओं, महिलाओं, सामाजिक संगठनों और नागरिकों की भागीदारी पर जोर दिया गया है।



महेंद्र भट्ट के अनुसार 7 अक्टूबर को उत्तराखंड में ‘सेवा ज्योति यात्रा’ के रूप में एक बड़ा कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इसकी तैयारियों को लेकर संगठन स्तर पर कार्य किया जा रहा है।
इसके अलावा भाजपा के नवनियुक्त प्रदेश प्रभारी राम माधव और सह प्रभारी के 2 और 3 अक्टूबर को उत्तराखंड दौरे पर रहने की जानकारी भी महेंद्र भट्ट ने दी। इस दौरान संगठन से जुड़े पदाधिकारियों के साथ बैठकें प्रस्तावित बताई गई हैं।




भट्ट के मुताबिक बैठकों में आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों, सेवा संकल्प अभियान और पार्टी की आगे की गतिविधियों को लेकर चर्चा की जाएगी। प्रदेश स्तर से लेकर स्थानीय स्तर तक चल रहे कार्यक्रमों की भी समीक्षा की जाएगी।
सेवा संकल्प अभियान 17 अक्टूबर तक जारी रहेगा। इस दौरान भाजपा की ओर से अलग-अलग क्षेत्रों में सेवा, सामाजिक सहभागिता और जनसंपर्क से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाने की बात कही गई है।

