रुड़की में युवक पर फायरिंग, कंधे में लगी गोली

रुड़की में युवक पर फायरिंग, कंधे में लगी गोली

स्थान : रूड़की
ब्यूरो रिपोर्ट

रुड़की के गंगनहर कोतवाली क्षेत्र के पनियाला चंदापुर गांव में एक युवक पर फायरिंग किए जाने का मामला सामने आया है। गोली लगने से विशाल चौहान पुत्र प्रवीण कुमार घायल हो गए। घटना के बाद गांव में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए।

बताया जा रहा है कि एक दिन पहले गांव में आयोजित मेले के दौरान विशाल चौहान का कुछ लोगों के साथ विवाद हुआ था। आरोप है कि इसी विवाद को लेकर बाद में कुछ लोगों ने विशाल चौहान पर फायरिंग कर दी। गोली उनके कंधे में लगी।

घटना की सूचना मिलने के बाद स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से घायल विशाल चौहान को रुड़की के सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनके कंधे की जांच की।

डॉक्टरों के मुताबिक युवक के कंधे पर गोली लगी है। विस्तृत एक्स-रे और आगे की जांच के लिए उन्हें देहरादून के सरकारी अस्पताल रेफर किया गया है। फिलहाल घायल युवक की स्थिति सामान्य बताई जा रही है।

घटना की जानकारी मिलने पर रुड़की पुलिस उपाधीक्षक और गंगनहर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक मणिभूषण श्रीवास्तव पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल और संबंधित लोगों से जानकारी जुटाकर जांच शुरू कर दी है।

उधर, घायल विशाल चौहान के अस्पताल पहुंचने की जानकारी मिलते ही उनके परिजन और समर्थक भी रुड़की सरकारी अस्पताल पहुंच गए। इसके चलते अस्पताल परिसर में काफी भीड़ देखने को मिली।

घायल युवक ने पुलिस के सामने कुछ लोगों पर फायरिंग करने का आरोप लगाया है। साथ ही कुछ राजनीतिक संगठनों से जुड़े लोगों के नाम लेने की बात भी सामने आई है, हालांकि इन आरोपों की पुलिस स्तर पर अभी पुष्टि नहीं हुई है।

फिलहाल पुलिस मेले में हुए विवाद से लेकर फायरिंग की घटना तक सभी पहलुओं की जांच कर रही है। आरोपियों की पहचान, घटनास्थल से जुड़े साक्ष्य और फायरिंग के पीछे की वजह का पता लगाया जा रहा है। घायल युवक का देहरादून में उपचार जारी है और पुलिस जांच के बाद ही मामले की पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।