जसपुर में आंगन मिलन कार्यक्रम, पोषण जागरूकता पर जोर

जसपुर में आंगन मिलन कार्यक्रम, पोषण जागरूकता पर जोर

स्थान – जसपुर
रिपोर्टर – प्रदीप श्रीवास्तव

जसपुर शहर में बाल विकास परियोजना के अंतर्गत सेवा संकल्प आंगन मिलन कार्यक्रम और 9वें पोषण माह के तहत वार्ड संख्या-04 के आंगनवाड़ी केंद्र की ओर से राजपूत सभा भवन परिसर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लाभार्थियों और स्थानीय महिलाओं ने भाग लिया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व विधायक डॉ. शैलेन्द्र मोहन सिंघल और किलावली के ग्राम प्रधान किशोर रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ फीता काटकर और दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।

इस दौरान आंगनवाड़ी केंद्र की ओर से पोषण सामग्री की प्रदर्शनी लगाई गई। गर्भवती महिलाओं की गोदभराई भी की गई और उन्हें पोषण से जुड़ी जरूरी जानकारियां दी गईं।

कार्यक्रम में उपस्थित महिलाओं और लाभार्थियों को महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही पात्र लाभार्थियों को पोषण किट का वितरण किया गया।

बाल विकास परियोजना अधिकारी जसपुर शहर अनीता गुप्ता ने विभागीय योजनाओं, महिला एवं बाल विकास और पोषण से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी साझा की। उन्होंने महिलाओं से बच्चों और गर्भवती माताओं के पोषण पर विशेष ध्यान देने की अपील की।

आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं ने स्थानीय और पौष्टिक खाद्य पदार्थों की प्रदर्शनी के माध्यम से संतुलित आहार के महत्व का संदेश दिया। कार्यक्रम में पोषण से जुड़ी सामग्री को सरल तरीके से समझाने का प्रयास किया गया।

इस अवसर पर सुपरवाइजर यासमीन और अंजू के साथ आंगनवाड़ी कार्यकत्री नीलम देवी, अंजू, रीना, शमा बेगम, रुखसार, रचना, रेखा प्रधान और राजेंद्री देवी समेत कई लाभार्थी एवं स्थानीय महिलाएं मौजूद रहीं।

कार्यक्रम के दौरान अतिथियों और लाभार्थियों को पोषण सामग्री की चेस्ट भी प्रदान की गई। विभागीय सामग्री से तैयार खजूर की बर्फी विशेष आकर्षण रही, जिसे अतिथियों ने काफी पसंद किया और इसकी सराहना की।

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य महिलाओं और बच्चों में पोषण के प्रति जागरूकता बढ़ाना, विभागीय योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाना और आंगनवाड़ी केंद्रों पर जनभागीदारी को मजबूत करना रहा।