


संसद में सोमवार को जोरदार हंगामा हुआ। विपक्ष के नेताओं ने महाकुंभ में हाल ही में हुई भगदड़ जैसे मुद्दों को उठाने की योजना बनाई। वहीं, अब लोकसभा में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने केंद्र सरकार को रोजगार समेत कई मुद्दों पर घेरा है।

संसद के बजट सत्र में आज राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के अभिभाषण पर चर्चा हो रही है। भारतीय जनता पार्टी (BJP) के सांसद रामवीर सिंह बिधूड़ी ने धन्यवाद प्रस्ताव पेश किया। वहीं, अब लोकसभा में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने केंद्र सरकार को कई मुद्दों पर घेरा है। कांग्रेस सांसद ने कहा कि मोदी सरकार में बेरोजगारी बढ़ी है। सरकार ने इसके लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाए हैं।

महाराष्ट्र चुनाव में 70 लाख नए वोटर जोड़े गए
लोकसभा में कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने कहा कि महाराष्ट्र में असेंबली चुनाव में 70 लाख नए वोटर जोड़े गए। शिरडी में एक ही बिल्डिंग से 7 हजार वोटरों के नाम वोटर लिस्ट में जोड़े गए।

बीजेपी में ओबीसी नेताओं के पास पावर नहीं- राहुल गांधी
लोकसभा में कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने कही बीजेपी में ओबीसी नेताओं के पास पावर नहीं है। जातिगत जनगणना से ही देश में बदलाव आ सकता है।

देश में कराई जाए जातिगत जनगणना- राहुल गांधी
कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने कहा कि देश में जातीय जनगणना होनी चाहिए। हमने तेंलगाना में जातिगत जनगणना कराई है। इसके साथ ही राहुल गांधी ने दावा किया कि देश में करीब 55 प्रतिशत ओबीसी हैं।
अपने आप में बिल्कुल निरर्थक है AI- राहुल गांधी
कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने कहा, ‘लोग AI के बारे में बात करते हैं, लेकिन यह समझना महत्वपूर्ण है कि AI अपने आप में बिल्कुल निरर्थक है क्योंकि AI डेटा के ऊपर काम करता है। डेटा के बिना AI का कोई मतलब नहीं है।

नीचे गिरी जीडीपी- राहुल गांधी
लोकसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने कहा, ‘प्रधानमंत्री ने ‘मेक इन इंडिया’ कार्यक्रम का प्रस्ताव रखा, मुझे लगता है कि यह एक अच्छा विचार था। परिणाम आपके सामने हैं। 2014 में मैन्यूफैक्चरिंग जीडीपी 15.3% से गिरकर आज जीडीपी के 12.6% पर आ गई है, जो 60 सालों में मैन्यूफैक्चरिंग का सबसे कम हिस्सा है। मैं प्रधानमंत्री को दोष नहीं दे रहा हूं, यह कहना उचित नहीं होगा कि उन्होंने प्रयास नहीं किया। मैं कह सकता हूं कि प्रधानमंत्री ने प्रयास किया लेकिन वे असफल रहे।’

सरकारों ने युवाओं के रोजगार के बारे में नहीं दिए स्पष्ट जवाब- राहुल गांधी
विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने कहा, ‘भले ही हम बढ़े हैं, हम तेजी से बढ़े हैं। अब थोड़ी धीमी गति से बढ़ रहे हैं, लेकिन हम बढ़ रहे हैं। एक सार्वभौमिक समस्या जिसका हमने सामना किया है, वह यह है कि हम बेरोजगारी की समस्या से निपटने में सक्षम नहीं हैं। न तो यूपीए सरकार और न ही आज की एनडीए सरकार ने इस देश के युवाओं को रोजगार के बारे में कोई स्पष्ट जवाब दिया है।’



